मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी-मनाली फोरलेन होगा हर मौसम में सुरक्षित, पहाड़ और ब्यास से बचाव पर खर्च होंगे 4256 करोड़

सार

मंडी-मनाली फोरलेन को भूस्खलन, पहाड़ी से गिरने वाले पत्थरों और ब्यास नदी के कटाव से सुरक्षित बनाने के लिए एनएचएआई ने बड़े स्तर पर सुरक्षा कार्यों की योजना तैयार की है। करीब 4256.97 करोड़ रुपये की लागत से संवेदनशील ढलानों को मजबूत करने, नदी किनारे सुरक्षा दीवारें बनाने, सुरंगों और वायाडक्ट का निर्माण करने समेत कई कार्य प्रस्तावित हैं।

5 मिनट
मंडी-मनाली फोरलेन होगा हर मौसम में सुरक्षित, पहाड़ और ब्यास से बचाव पर खर्च होंगे 4256 करोड़

150 संवेदनशील स्थान चिन्हित, 1350 मीटर पहाड़ी पर होगी केबल एंकरिंग; ब्यास किनारे 65 जगहों पर कटावरोधी कार्य

बर्फबारी हो या मूसलाधार बारिश, पहाड़ दरकें या ब्यास नदी उफान पर आए—मंडी-मनाली फोरलेन पर सफर करने वालों को मौसम की मार से बचाने की तैयारी शुरू हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) फोरलेन को हर मौसम में सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए बड़े स्तर पर सुरक्षा कार्य करवाने जा रहा है।

इसके तहत पहाड़ से गिरने वाले पत्थरों को रोकने के लिए संवेदनशील ढलानों को मजबूत किया जाएगा, जबकि ब्यास नदी के कटाव से सड़क को बचाने के लिए नदी किनारे सुरक्षा दीवारें और अन्य बचाव कार्य किए जाएंगे। इन विभिन्न सुरक्षा परियोजनाओं पर करीब 4256.97 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

1350 मीटर पहाड़ी पर होगी केबल एंकरिंग

मंडी से करीब 30 किलोमीटर दूर दवाड़ा से झलोगी तक 800 मीटर और झलोगी से थलौट की ओर 550 मीटर हिस्से में पहाड़ी को स्थिर करने के लिए 601.36 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इन दोनों हिस्सों में करीब 1350 मीटर पहाड़ी पर केबल एंकरिंग की जाएगी। इससे कमजोर चट्टानों और ढलानों को स्थिर करने में मदद मिलेगी और सड़क पर पत्थर गिरने तथा भूस्खलन का खतरा कम किया जा सकेगा। एनएचएआई ने इन कार्यों के लिए मुख्यालय से मंजूरी मांगी है।

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर रोजाना औसतन करीब 9 हजार वाहन गुजरते हैं। पर्यटन सीजन में वाहनों की संख्या और बढ़ जाती है। ऐसे में भूस्खलन या पहाड़ी से चट्टान गिरने की स्थिति में यातायात के साथ यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।

150 संवेदनशील स्थान किए गए चिन्हित

एनएचएआई ने फोरलेन पर करीब 150 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया है। इनमें से 46 स्थानों पर सुरक्षा कार्य ठेकेदारों को अवार्ड किए जा चुके हैं, जबकि बाकी स्थानों के लिए अनुमान मुख्यालय भेजे गए हैं।

दवाड़ा और झलोगी जैसे स्थानों पर सुरक्षा कार्य खास तौर पर महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि यहां पहले भी पहाड़ी से चट्टानें गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। दवाड़ा में चट्टानों की चपेट में आकर फ्लाईओवर को भी नुकसान पहुंच चुका है।

ऊपर पहाड़ से खतरा, नीचे ब्यास का कटाव

फोरलेन को सिर्फ पहाड़ से गिरने वाली चट्टानों से ही खतरा नहीं है। बारिश के दौरान ब्यास नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ने से नदी किनारे कटाव भी तेज हो जाता है। इससे सड़क के आसपास की जमीन और सुरक्षा ढांचे को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।

इसी को देखते हुए ब्यास नदी के किनारे 65 स्थानों पर कटावरोधी कार्य किए जाएंगे। इन स्थानों की कुल लंबाई करीब 19 किलोमीटर है और इन कार्यों पर करीब 1354.27 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

इनमें से 44 स्थानों पर 722.65 करोड़ रुपये के कार्य पहले ही अवार्ड किए जा चुके हैं। रायसन, डोहलूनाला, बिंदुधांक, कलाथ सब्जी मंडी और मनाली बाईपास में नदी संरक्षण के कार्य प्रस्तावित हैं।

4256 करोड़ की सुरक्षा योजना

फोरलेन को पहाड़, नदी और भूस्खलन से सुरक्षित बनाने के लिए कुल 4256.97 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 876 करोड़ रुपये के सुरक्षा एवं स्थिरीकरण कार्य स्वीकृत हो चुके हैं।

इसके अलावा ढलान स्थिरीकरण, नदी सुरक्षा और अन्य कार्यों के लिए करीब 3380.91 करोड़ रुपये का प्रस्ताव एनएचएआई मुख्यालय को भेजा गया है।

इन परियोजनाओं का उद्देश्य संवेदनशील हिस्सों में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था तैयार करना है, ताकि बारिश और बर्फबारी के दौरान सड़क पर बार-बार होने वाली बाधाओं को कम किया जा सके।

झलोगी टनल का मुहाना 300 मीटर आगे होगा

झलोगी टनल के मुहाने के पास वर्ष 2023 में शुरू हुआ भूस्खलन 2025 में और बढ़ गया था। तकनीकी आकलन के लिए ऑस्ट्रिया के विशेषज्ञ ने मौके का निरीक्षण किया। विशेषज्ञ की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौजूदा प्रभावित मुहाने को बंद रखने और सुरक्षित स्थान पर नया मुहाना खोलने का सुझाव दिया गया है।

इसके तहत मौजूदा 1400 मीटर लंबी झलोगी टनल की लंबाई करीब 1700 मीटर हो जाएगी। टनल का मुहाना करीब 300 मीटर आगे करने से इसे अस्थिर पहाड़ी से दूर रखा जा सकेगा और भूस्खलन की स्थिति में सुरक्षा बढ़ेगी।

हणोगी टनल की 50 करोड़ से हो रही मरम्मत

हणोगी के पास पहाड़ी दरकने से क्षतिग्रस्त हुई नवनिर्मित टनल की मरम्मत का काम भी शुरू हो गया है। एनएचएआई करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से दिन-रात काम करवा रहा है।

टनल के करीब 24 मीटर हिस्से को नुकसान पहुंचा है। इसे मजबूत करने के लिए केबल एंकरिंग और स्टील आर्क लगाए जा रहे हैं, जिससे पहाड़ी के दबाव और भविष्य में होने वाली हलचल से टनल को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

नई सुरंगों और वायाडक्ट से बढ़ेगी सुरक्षा

बढ़ते यातायात और पहाड़ी क्षेत्र की चुनौतियों को देखते हुए भविष्य में नई सुरंगें बनाने की भी योजना है। टी-2, टी-3, टी-4, टी-5, पंडोह बाईपास और चेनज 201 व 203 पर ट्विन-ट्यूब सुरंगें बनाने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा चेनज 208 यानी 9 माइल पर वायाडक्ट बनाने की योजना है। इन परियोजनाओं की अनुमानित लागत करीब 3786 करोड़ रुपये है। चेनज 201, 203 और पंडोह बाईपास की सुरंगों का प्रस्ताव आवश्यक मंजूरी के लिए एनएचएआई मुख्यालय भेजा जा चुका है।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक, पीआईयू मंडी वरुण चारी ने कहा कि कीरतपुर-मनाली फोरलेन को सुरक्षित और हर मौसम में चालू रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

सुरंगों, वायाडक्ट, ड्रेनेज और पहाड़ी स्थिरीकरण के कार्यों से मार्ग को दीर्घकालीन सुरक्षा देने की योजना है। कुछ कार्य शुरू हो चुके हैं, जबकि कुछ की मंजूरी मुख्यालय से मिलना बाकी है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें