मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी में ऑटो-टैक्सी ऑपरेटरों का प्रदर्शन, कांगू में गाड़ियों की पासिंग का किया विरोध

सार

हिमाचल प्रदेश के मंडी में ऑटो रिक्शा और टैक्सी ऑपरेटर यूनियनों ने कांगू में वाहनों की फिटनेस जांच करवाने के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया। चालकों ने तीन घंटे तक सेवाएं बाधित रखीं और उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा। यूनियनों ने वाहनों की पासिंग व्यवस्था दोबारा मंडी में शुरू करने की मांग की है।

TV Incharge

3 मिनट
मंडी में ऑटो-टैक्सी ऑपरेटरों का प्रदर्शन, कांगू में गाड़ियों की पासिंग का किया विरोध

तीन घंटे तक शहर में सेवाएं रखीं बंद, यूनियनों ने मंडी में ही फिटनेस जांच शुरू करने की उठाई मांग; 20 KM परमिट वाले ऑटो को 45 KM दूर भेजने पर जताई आपत्ति

हिमाचल प्रदेश के मंडी में ऑटो रिक्शा और टैक्सी ऑपरेटर यूनियनों ने वाहनों की फिटनेस जांच (पासिंग) कांगू में करवाए जाने के निर्णय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन मंडी और सिद्ध काली टैक्सी ऑपरेटर यूनियन सेरी मंच ने इस व्यवस्था का कड़ा विरोध करते हुए शहर में प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक ऑटो और टैक्सी सेवाएं बाधित रखी गईं।

प्रदर्शन के दौरान दोनों यूनियनों के पदाधिकारियों और चालकों ने शहरभर में रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। इसके बाद उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर एससी टू डीसी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा गया। यूनियनों ने मांग की कि वाहनों की फिटनेस जांच की व्यवस्था दोबारा मंडी में ही शुरू की जाए।

कांगू जाने में खर्च हो रहा अतिरिक्त समय और पैसा

टैक्सी यूनियन के प्रधान संजय कुमार और ऑटो रिक्शा यूनियन के प्रधान कमलेश कुमार व होशियार सिंह ने बताया कि वर्तमान में स्वचालित परीक्षण केंद्र (ATS) के माध्यम से वाहनों की फिटनेस जांच कांगू में की जा रही है। इससे मंडी जिले के ऑटो रिक्शा संचालकों और टैक्सी चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि मंडी शहर और आसपास के क्षेत्रों से कांगू तक वाहन ले जाने में अतिरिक्त समय, ईंधन और पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। इससे चालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और उनके कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।

20 किलोमीटर परमिट वाले ऑटो को 45 किलोमीटर दूर भेजने पर सवाल

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि ऑटो रिक्शा का निर्धारित परमिट दायरा केवल 20 किलोमीटर तक सीमित है, जबकि मंडी से कांगू की दूरी लगभग 45 किलोमीटर है। ऐसे में परमिट की निर्धारित सीमा से अधिक दूरी तक ऑटो रिक्शा ले जाना व्यावहारिक रूप से मुश्किल है। उन्होंने इसे सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिम भरा बताया।

यूनियन प्रतिनिधियों ने कांगू स्थित केंद्र में फिटनेस जांच के लिए वसूली जा रही फीस पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि वहां मनमाने तरीके से फीस ली जा रही है और इसकी रसीद भी नहीं दी जाती।

मंडी में ही शुरू की जाए वाहनों की फिटनेस जांच

ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन और सिद्ध काली टैक्सी ऑपरेटर यूनियन ने सरकार से मांग की है कि चालकों की व्यावहारिक समस्याओं और परमिट की निर्धारित दूरी को ध्यान में रखते हुए वाहनों की फिटनेस जांच की व्यवस्था फिर से मंडी में शुरू की जाए। यूनियनों का कहना है कि इससे ऑटो रिक्शा संचालकों और टैक्सी चालकों को अनावश्यक परेशानी और अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें