मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी के अभिषेक अवस्थी बने ऑस्ट्रेलिया के महापौर, ग्रेटर बेंडिगो शहर में रचा इतिहास

सार

हिमाचल प्रदेश के मंडी निवासी अभिषेक अवस्थी ने ऑस्ट्रेलिया में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें विक्टोरिया राज्य के ग्रेटर बेंडिगो शहर का महापौर चुना गया है। वह इस पद पर पहुंचने वाले शहर के पहले भारतीय मूल के व्यक्ति हैं। नौ नवंबर को उन्होंने पद की शपथ ली और एक साल के लिए कार्यभार संभाला।

TV Incharge

2 मिनट
मंडी के अभिषेक अवस्थी बने ऑस्ट्रेलिया के महापौर, ग्रेटर बेंडिगो शहर में रचा इतिहास

डिप्टी मेयर के बाद अब संभाली महापौर की जिम्मेदारी, शहर के पहले भारतीय मूल के महापौर बने अभिषेक; एक साल का रहेगा कार्यकाल

हिमाचल प्रदेश के मंडी निवासी अभिषेक अवस्थी ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी उपलब्धि से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य स्थित ग्रेटर बेंडिगो शहर का महापौर चुना गया है।

इससे पहले अभिषेक इसी शहर में डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी निभा रहे थे। अब महापौर बनकर उन्होंने एक नई उपलब्धि हासिल की है। वह ग्रेटर बेंडिगो शहर के पहले भारतीय मूल के महापौर बन गए हैं।

नौ नवंबर को ग्रेटर बेंडिगो के द कैपिटल थिएटर में आयोजित समारोह में अभिषेक अवस्थी ने महापौर पद की शपथ ली। इसके साथ ही उन्होंने आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। वर्ष 2026-27 के लिए उनका कार्यकाल एक साल का रहेगा।

सर्वसम्मति से चुने गए महापौर

ऑस्ट्रेलिया की स्थानीय निकाय व्यवस्था के तहत महापौर और उपमहापौर का कार्यकाल सामान्यतः एक वर्ष का होता है, जबकि काउंसिलरों का चुनाव चार साल के लिए किया जाता है। अभिषेक अवस्थी को सर्वसम्मति से महापौर चुना गया है। इस चुनाव में एंड्रिया मेटकॉफ को उपमहापौर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

माता-पिता और परिवार को दिया उपलब्धि का श्रेय

महापौर चुने जाने पर अभिषेक अवस्थी ने अपने साथी काउंसिलरों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी दिया। अभिषेक ने कहा कि वह शहरवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने और उनके हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने का प्रयास करेंगे।

मंडी के अभिषेक अवस्थी की इस उपलब्धि से हिमाचल प्रदेश में भी खुशी का माहौल है। एक छोटे से शहर से निकलकर ऑस्ट्रेलिया के ग्रेटर बेंडिगो शहर के महापौर पद तक पहुंचना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें