मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर चलेगा बुलडोजर: अवैध रास्तों, पार्किंग और कब्जों को हटाने के लिए NHAI ने कसी कमर

सार

सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों और पर्यटकों को जल्द ही ट्रैफिक जाम और हादसों से राहत मिलने वाली है।

2 मिनट
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर चल��ेगा बुलडोजर: अवैध रास्तों, पार्किंग और कब्जों को हटाने के लिए NHAI ने कसी कमर

मंडी

सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों और पर्यटकों को जल्द ही ट्रैफिक जाम और हादसों से राहत मिलने वाली है।

फोरलेन के किनारे लगातार बढ़ रहे अवैध कब्जों, अनधिकृत पार्किंग और बिना अनुमति के बनाए गए रास्तों को हटाने के लिए प्रशासन अब बुलडोजर चलाने की तैयारी में है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी, कुल्लू और बिलासपुर जिलों के उपायुक्तों (DC) को पत्र लिखकर इस संबंध में तुरंत सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

अवैध कट और पार्किंग से बढ़ रहा हादसों का ग्राफ

फोरलेन पर अवैध रूप से किए जा रहे अतिक्रमण के कारण सुचारू यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। कई रसूखदारों और स्थानीय लोगों ने अपने होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक वाहनों की सीधी पहुंच बनाने के लिए फोरलेन पर बिना अनुमति के अवैध कट और रास्ते निकाल लिए हैं।

इसके अलावा, जगह-जगह सड़क किनारे बनाई गई अनधिकृत पार्किंग के कारण तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक गाड़ियों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे इस मुख्य मार्ग पर न केवल दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ गया है बल्कि कई हिस्सों में जाम की स्थिति भी पैदा हो रही है।

पंचायत चुनाव के बाद गठित होंगी संयुक्त टीमें

इस बड़े बेदखली अभियान को धरातल पर उतारने के लिए एनएचएआई ने तीनों जिलों के प्रशासन से संयुक्त अभियान चलाने की रूपरेखा तैयार की है। प्रदेश में चल रहे पंचायत चुनाव संपन्न होते ही संबंधित क्षेत्रों में उपमंडलाधिकारी (SDM) के नेतृत्व में एक विशेष संयुक्त निरीक्षण दल का गठन किया जाएगा।

इस टीम में राजस्व विभाग, स्थानीय पुलिस और एनएचएआई के तकनीकी अधिकारी शामिल रहेंगे। यह संयुक्त दल पूरे फोरलेन रूट का बारीकी से निरीक्षण करेगा और अवैध पार्किंग स्थलों, कब्जों व बिना अनुमति बने रास्तों को चिन्हित कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगा।

हाई कोर्ट के कड़े निर्देश, कटेंगे बिजली-पानी के कनेक्शन

फोरलेन किनारे बढ़ रहे इस अवैध कारोबार पर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय भी पहले ही अपना सख्त रुख अपना चुका है। अदालत ने मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अवैध रूप से संचालित हो रहे सभी व्यावसायिक ढांचों के बिजली और पानी के कनेक्शन तुरंत काटने के निर्देश जारी किए हैं।

जिला प्रशासन अब माननीय न्यायालय के इन आदेशों और एनएचएआई की ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण (Demolition) की कार्रवाई अमल में लाने की तैयारी कर रहा है।

सुरक्षित और सुगम यात्रा हमारी प्राथमिकता: वरुण चारी

एनएचएआई मंडी के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फोरलेन को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त और सुरक्षित बनाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुगम यात्रा की सुविधा मिल सके।

इस खबर को शेयर करें