मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

केलांग में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस, सुंदर सिंह ठाकुर ने फहराया तिरंगा

सार

केलांग में 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और हिमाचली संस्कृति के रंगों के साथ मनाया गया। कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने तिरंगा फहराकर मार्चपास्ट की सलामी ली। उन्होंने लाहौल-स्पीति में जनजातीय विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी तथा प्रत्येक सांस्कृतिक दल को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।

6 मिनट
केलांग में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस, सुंदर सिंह ठाकुर ने फहराया तिरंगा

जनजातीय विकास के लिए 890 करोड़ से अधिक का प्रावधान, सांस्कृतिक दलों को 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा; शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल परियोजनाओं पर जोर

जिला मुख्यालय केलांग में 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और हिमाचली संस्कृति के रंगों से सराबोर माहौल में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली।

विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, पुलिस और अन्य टुकड़ियों ने अनुशासित एवं शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। इसके बाद स्थानीय विद्यालयों और सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने देशभक्ति, हिमाचली लोक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

मुख्यातिथि सुंदर सिंह ठाकुर ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए प्रत्येक सांस्कृतिक दल को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।

जनजातीय विकास सरकार की प्राथमिकता

समारोह को संबोधित करते हुए सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का जनजातीय विकास मॉडल केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हिमालय की ऊंची चोटियों और दुर्गम घाटियों में रहने वाले हजारों परिवारों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी है।

उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति जैसे जनजातीय क्षेत्रों में लंबी सर्दियां, भारी बर्फबारी, कठिन भौगोलिक परिस्थितियां और सीमित संपर्क सुविधाएं विकास के सामने बड़ी चुनौती हैं। इसके बावजूद सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि दूरदराज के क्षेत्रों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच हो।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का 42.49 प्रतिशत हिस्सा अनुसूचित क्षेत्रों के अंतर्गत आता है, जबकि इन क्षेत्रों में प्रदेश की कुल आबादी का 5.71 प्रतिशत हिस्सा निवास करता है। जनजातीय क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए वर्ष 2024-25 में ट्राइबल सब-प्लान के तहत 890.28 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2025-26 में 638.73 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया।

रोहतांग टनल को बताया लाहौल की जीवनरेखा

सुंदर सिंह ठाकुर ने लाहौल-स्पीति के विकास में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लाहौल को वर्षभर देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने के लिए रोहतांग के नीचे सुरंग बनाने की परिकल्पना लंबे समय से चली आ रही थी।

उन्होंने कहा कि 28 जून 2010 को रोहतांग टनल का शिलान्यास किया गया था। आज यह सुरंग लाहौल के लिए महज परिवहन मार्ग नहीं, बल्कि जीवनरेखा बन चुकी है। इसके निर्माण से पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है।

91 प्राथमिक विद्यालयों में संचालित हो रहा निपुण भारत मिशन

उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने पर सरकार का विशेष ध्यान है। लाहौल और उदयपुर उपमंडल के 91 प्राथमिक विद्यालयों, चार ब्लॉक और 40 क्लस्टरों के माध्यम से निपुण भारत मिशन संचालित किया जा रहा है।

निःशुल्क पाठ्य पुस्तक योजना के तहत पहली से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को किताबें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। जिले के लिए दो पीएम श्री स्कूलों को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

विद्युत और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पसपराग, जिस्पा और यांगला में 63-63 केवीए क्षमता के तीन नए वितरण ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 1.250 किलोमीटर नई निम्न तनाव और 1.865 किलोमीटर नई उच्च तनाव लाइन बिछाई गई है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 267 नए मीटर भी स्थापित किए गए।

स्वास्थ्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन के माध्यम से आयोजित 29 स्वास्थ्य शिविरों में 856 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। विभिन्न निःशुल्क चिकित्सा शिविरों में भी 2,520 लोगों को लाभ मिला। स्पीति उपमंडल में तीन आयुष स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में उन्नत किया गया है।

सड़क और पुल निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च

सुंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि चिनाव घाटी मंडल लोक निर्माण विभाग उदयपुर के तहत वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लिए 14 करोड़ 97 लाख 38 हजार रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जिसमें से 11 करोड़ 6 लाख 43 हजार रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

वर्ष 2025-26 में पांच पुलों के निर्माण के लिए 36 करोड़ 41 लाख 78 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सिस्सू के नर्सरी क्षेत्र में चंद्रा नदी पर 110 मीटर लंबे मोटर योग्य पुल के निर्माण के लिए 9 करोड़ 71 लाख 65 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।

इसके अलावा वारिंग से तिवोक ओथांग सड़क का करीब 20 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस सड़क के लिए 10 करोड़ 23 लाख 98 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मनरेगा से 64 हजार से अधिक श्रम दिवस सृजित

जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के माध्यम से मनरेगा के तहत 64,616 श्रम दिवस सृजित किए गए हैं। 88 परिवारों ने 100 दिन का रोजगार पूरा किया है। चालू वित्त वर्ष में मनरेगा के तहत ग्रामीण रोजगार पर 4 करोड़ 57 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत जिले में 2,835 पेंशनरों को लाभ दिया जा रहा है। वहीं इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत लाहौल एवं स्पीति में 1,171 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है।

किसानों को सिंचाई और कृषि योजनाओं का लाभ

लाहौल-स्पीति घाटी में 1,680 क्विंटल मटर बीज वितरित किया गया, जिससे करीब 1,200 किसान लाभान्वित हुए हैं। सौर सिंचाई योजना के तहत पांच लाभार्थियों को सोलर वाटर लिफ्टिंग सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।

मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत वर्ष 2026-27 में लाहौल घाटी के 2,200 किसानों के खेतों से मिट्टी के नमूने लेकर जांच की गई। कृषि क्षेत्र में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए किसानों को पावर टिलर, वीडर, पावर स्प्रेयर और ब्रश कटर पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।

लाहौल-स्पीति को अग्रणी जनजातीय जिला बनाने का संकल्प

अपने संबोधन के अंत में सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र निर्माताओं के योगदान को याद करने के साथ भविष्य के लिए नए संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति को विकास, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार और बेहतर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में देश के अग्रणी जनजातीय जिलों में स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

उन्होंने जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता के सहयोग और प्रदेश सरकार के निरंतर प्रयासों से हिमाचल प्रदेश जल्द ही आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनने के अपने संकल्प को पूरा करेगा।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, संस्थाओं और अन्य व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह में लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, उपायुक्त किरण भड़ाना, पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानी एवं सैनिक परिवारों के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • स्वतंत्रता दिवस
  • संस्कृति
  • जनजातीय विकास
  • सुंदर सिंह ठाकुर
  • तिरंगा
  • केलांग
  • भाषण
  • हिमाचली संस्कृति
  • सांस्कृतिक कार्यक्रम

इस खबर को शेयर करें