मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कांगड़ा पेपर मिल हादसा: मशीन में हाथ फंसने से कर्मचारी की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

सार

कांगड़ा के संसारपुर टैरेस औद्योगिक क्षेत्र स्थित जसर पेपर मिल प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत एक कर्मचारी की मशीन में हाथ फंसने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

2 मिनट
कांगड़ा पेपर मिल हादसा: मशीन में हाथ फंसने से कर्मचारी की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

संसारपुर टैरेस स्थित जसर पेपर मिल में काम के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के संसारपुर टैरेस औद्योगिक क्षेत्र स्थित जसर पेपर मिल प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत एक कर्मचारी की मशीन में हाथ फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

उत्तराखंड निवासी था मृतक कर्मचारी

मृतक की पहचान कीर्ति सिंह (50) पुत्र कोतवाल सिंह, निवासी गांव कंदेरी, जिला चमोली (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे डीएसपी डाडा सीबा राज कुमार और पुलिस थाना संसारपुर टैरेस के प्रभारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

कागज निकालते समय हुआ हादसा

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, पेपर मिल में कार्य के दौरान पेपर रोलिंग मशीन में कागज फंस गया था। कर्मचारी जब मशीन में फंसे कागज को निकालने का प्रयास कर रहा था, तभी उसका हाथ मशीन में फंस गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल कर्मचारी को तुरंत उपचार के लिए बीबीएमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

डीएसपी राज कुमार ने बताया कि फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

facebook

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें