मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

खूनी हस्ताक्षरों से उग्र हुआ 'जुखाला कॉलेज बचाओ आंदोलन', 90 वर्षीय बुजुर्ग और महिलाओं ने खून से लिखे नाम; मंत्रियों के घेराव की चेतावनी

सार

राजकीय महाविद्यालय जुखाला में विज्ञान (साइंस) एवं वाणिज्य (कॉमर्स) संकायों को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर दावीं घाटी के लोगों का जनआंदोलन अब निर्णायक और उग्र चरण में प्रवेश कर गया है।

2 मिनट
खूनी हस्ताक्षरों से उग्र हुआ 'जुखाला कॉलेज बचाओ आंदोलन', 90 वर्षीय बुजुर्ग और महिलाओं ने खून से लिखे नाम; मंत्रियों के घेराव की चेतावनी

जुखाला (बिलासपुर)

राजकीय महाविद्यालय जुखाला में विज्ञान (साइंस) एवं वाणिज्य (कॉमर्स) संकायों को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर दावीं घाटी के लोगों का जनआंदोलन अब निर्णायक और उग्र चरण में प्रवेश कर गया है।

आंदोलन के पांचवें दिन प्रदर्शनकारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने न केवल दो घंटे का पूर्ण चक्काजाम किया, बल्कि प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 'खूनी हस्ताक्षर अभियान' भी शुरू कर दिया। इस भावुक और उग्र प्रदर्शन में क्षेत्र के एक 90 वर्षीय बुजुर्ग सहित भारी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने सुई से अपना खून निकाल कर ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

5 दिन से भीषण गर्मी में धरना, प्रशासन की बेरुखी से भड़के लोग

आंदोलनकारियों का आरोप है कि पिछले पांच दिनों से क्षेत्र के लोग भीषण गर्मी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार या जिला प्रशासन का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी सुध लेने या बातचीत करने नहीं पहुंचा।

प्रशासन की इसी बेरुखी ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया। नम्होल वार्ड से जिला परिषद सदस्य सुरभि ठाकुर भी विशेष रूप से धरना स्थल पर पहुंचीं और इस अभियान का समर्थन करते हुए खुद भी खून से हस्ताक्षर किए। उन्होंने दोटूक कहा कि बिलासपुर के ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंत्रियों का घेराव और शिमला कूच की तैयारी

'जुखाला कॉलेज बचाओ संघर्ष मंच' के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने कहा कि अब तक यह आंदोलन पूरी तरह गांधीवादी और शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, लेकिन सरकार की अनदेखी के कारण अब जनता का धैर्य जवाब दे गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना फैसला तुरंत वापस नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में मंत्रियों का घेराव किया जाएगा, शिमला कूच होगा और सीधे सचिवालय का घेराव किया जाएगा।

राष्ट्रपति से लेकर सीएम तक जाएंगे खूनी हस्ताक्षर: संघर्ष मंच ने बताया कि खून से रंगे इन हस्ताक्षरों वाले ज्ञापन की प्रतियां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और राज्यपाल को ई-मेल के माध्यम से भेजी जा रही हैं।

वहीं, मूल 'खूनी हस्ताक्षर पत्र' को सीधे मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को प्रेषित किया जा रहा है ताकि सरकार को दावीं घाटी के छात्रों और अभिभावकों के इस दर्द और आक्रोश का अहसास हो सके। स्थानीय जनता ने दोनों संकायों को तत्काल प्रभाव से चालू करने की मांग दोहराई है।

इस खबर के विषय

  • Jukhala College
  • save movement
  • education protest
  • blood signatures
  • faculty reinstatement
  • local community

इस खबर को शेयर करें