मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पंचायत चुनावों में जनता ने सुनाया सरकार के खिलाफ़ जनादेश : जयराम ठाकुर

सार

हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान प्रदेश की सियासत पूरी तरह गरमा गई है।

3 मिनट
पंचायत चुनावों में जनता ने सुनाया सरकार के खिलाफ़ जनादेश : जयराम ठाकुर

मंडी।

हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान प्रदेश की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को मंडी जिला के अंतर्गत अपने सराज विधानसभा क्षेत्र की गृह पंचायत मुरहाग के मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।मतदान के बाद जयराम ठाकुर

ने सराज विधानसभा की ही ग्राम पंचायत तुंगाधार की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से अपने निवास स्थान पर आत्मीय भेंट की और उन्हें बधाई दी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न होने पर जनता का आभार जताया, लेकिन साथ ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर दो बड़े मुद्दों को लेकर तीखे राजनीतिक हमले बोले।

सुप्रीम कोर्ट के डंडे के बाद हुए चुनाव, जनता ने सिखाया सबक

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि ये पंचायत चुनाव पिछले साल दिसंबर में ही संपन्न हो जाने चाहिए थे, लेकिन सुक्खू सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सामना करने से डर रही थी।

जयराम ठाकुर ने कहा, "कांग्रेस सरकार ने जानबूझकर आपदा का बहाना बनाकर चुनावों को छह महीने आगे खिसका दिया। इसके खिलाफ भाजपा को हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी।

अंततः देश की शीर्ष अदालत के कड़े आदेशों के बाद ही राज्य चुनाव आयोग ने यह प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने दावा किया कि सरकारी तंत्र के दुरुपयोग और प्रलोभनों के बावजूद प्रदेश की जागरूक जनता ने भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को अभूतपूर्व जीत दिलाई है।

लगभग 75 प्रतिशत सीटों पर भाजपा विचारधारा के लोग जीते हैं। उन्होंने इसे सुक्खू सरकार के खिलाफ एक स्पष्ट जनादेश और सत्ता का 'सेमीफाइनल' करार दिया।

क्रैक एकेडमी संचालकों की ED द्वारा गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री से मांगे जवाब

पंचायतीराज चुनाव के नतीजों के साथ-साथ नेता प्रतिपक्ष ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हालिया कार्रवाई का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को सीधे कटघरे में खड़ा किया।

चंडीगढ़, मोहाली और जीरकपुर में मनी लॉन्ड्रिंग और घर खरीदारों के करोड़ों रुपयों की हेराफेरी के आरोप में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए प्रमोटरों और प्रदेश में चल रही 'क्रैक एकेडमी' से मुख्यमंत्री सुक्खू का क्या गुप्त रिश्ता है, इसका खुलासा होना चाहिए।

सरकारी खजाने के दुरुपयोग का लगाया आरोप

जयराम ठाकुर ने याद दिलाया कि मुख्यमंत्री ने स्वयं विधानसभा के भीतर सार्वजनिक घोषणा की थी कि यह 'क्रैक एकेडमी' हिमाचल प्रदेश के हर एक विधानसभा क्षेत्र में अपनी शाखाएं खोलेगी।

कौशल विकास के नाम पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये फूंक दिए गए। अब जब ईडी की जांच में इन प्रमोटरों द्वारा शेल कंपनियों के माध्यम से वित्तीय लेन-देन में हेराफेरी, सीएलयू मंजूरियों में गड़बड़ी और विनियामक मानदंडों के उल्लंघन की बात सामने आई है और मुख्य आरोपी जेल में हैं,

तो यह हिमाचल के युवाओं और संसाधनों के साथ एक बहुत बड़ा घोटाला प्रतीत होता है। नेता प्रतिपक्ष ने मांग की है कि मुख्यमंत्री तुरंत प्रदेश की जनता के सामने आकर इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें।

इस खबर को शेयर करें