दो दिन में चुनाव तारीख घोषित नहीं हुई तो हाईकोर्ट जाएंगे भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्य, डीसी कार्यालय के बाहर धरने की चेतावनी
शिमला में शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर सरकार और जिला प्रशासन पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि डीसी शिमला कांग्रेस के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं और डीसी कार्यालय को जिला कांग्रेस कमेटी का कार्यालय बना दिया गया है।
13 जिला परिषद सदस्यों को मीडिया से कराया परिचित
प्रेस वार्ता के दौरान जिला शिमला भाजपा अध्यक्ष ने भाजपा समर्थित 13 जिला परिषद सदस्यों से मीडिया को व्यक्तिगत तौर पर अवगत करवाया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि 13 जिला परिषद सदस्य उनके साथ मौजूद हैं, जबकि दो अन्य सदस्यों के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को टालने का प्रयास कर रही है।
दो दिन में तारीख नहीं तो हाईकोर्ट जाएंगे
जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि डीसी शिमला ने अगले दो दिनों के भीतर जिला परिषद चुनाव की तारीख तय नहीं की तो भाजपा समर्थित निर्वाचित जिला परिषद सदस्य सोमवार को हिमाचल हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा जरूरत पड़ने पर डीसी कार्यालय के बाहर धरना देने के लिए भी मजबूर होगी।
कानून व्यवस्था बिगड़ी तो सरकार जिम्मेदार
नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले को लेकर कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है तो इसकी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन की होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने ऐसे अधिकारियों को नियमों के अनुसार काम करने की सलाह दी और कहा कि सत्ता बदलने के बाद उन्हें अपने फैसलों का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
जिला परिषद चुनाव को लेकर भाजपा के इन आरोपों और चेतावनी के बाद अब प्रशासन की ओर से चुनाव की तारीख को लेकर लिए जाने वाले फैसले पर सभी की नजरें टिक गई हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube