ऊना जिले के हरोली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अश्लील चित्र या कार्टून पोस्ट किए जाने के मामले को लेकर भाजपा ने शनिवार को हरोली थाने का घेराव किया।
हरोली भाजपा नेता प्रोफेसर रामकुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी थाने पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन और कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
मनीष कंवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के मीडिया कॉर्डिनेटर मनीष कंवर की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट की गई थी।
भाजपा नेताओं का कहना है कि पोस्ट सामने आने के बाद करीब सात-आठ दिन पहले पुलिस को शिकायतें दी गई थीं, लेकिन अभी तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रोफेसर रामकुमार के अनुसार सुरेंद्र डोगरा, दीपक फौजी, कमल सैनी और युवा मोर्चा के रजत राणा सहित कई लोगों ने पुलिस से शिकायत की थी।
पुलिस पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर राजनीतिक दबाव में काम करने और दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं का कहना है कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रोफेसर रामकुमार ने आरोप लगाया कि यदि किसी आम व्यक्ति की ओर से इस तरह की पोस्ट की जाती तो उसके खिलाफ अब तक कार्रवाई हो चुकी होती। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आरोपी को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है और इसी वजह से कार्रवाई नहीं हो रही है। भाजपा ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन और कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube