एसआई पर सोशल मीडिया पर राजनीतिक पोस्ट साझा करने का आरोप, दो पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान शराब पीने के आरोप में सस्पेंड
हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
शिमला के पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी कर्मचारी के साथ किसी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी।
एसआई पर राजनीतिक पोस्ट साझा करने का आरोप
जानकारी के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर (सी) चिंतामणी पर पुलिस आचरण नियमों का उल्लंघन करते हुए सोशल मीडिया पर राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी एक पोस्ट साझा करने का आरोप है।
पुलिस विभाग के कर्मचारियों को राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने या सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन करने की अनुमति नहीं होती। इसी आधार पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
दो पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान शराब पीने के आरोप में निलंबित
वहीं, कांस्टेबल राजेश और हेड हवलदार (एचएचसी) अनूप पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहने और शराब का सेवन करने के आरोप लगे हैं।
निलंबन के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन शिमला में अटैच कर दिया गया है। दोनों की ड्यूटी आरोपितों को एक स्थान से दूसरे स्थान और अदालत में पेश करने के लिए ले जाने की जिम्मेदारी से जुड़ी थी।
पहले भी मिल चुकी थीं शिकायतें
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों कर्मचारियों के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं कि वे ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में रहते हैं। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद विभाग ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस एक अनुशासित बल है और ड्यूटी के दौरान लापरवाही, शराब का सेवन या पुलिस आचरण नियमों का उल्लंघन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube