मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

IGMC में पेट स्कैन और रोबोटिक सर्जरी से मरीजों को बड़ी राहत; एक महीने में 145 मरीजों का टेस्ट सफल

सार

हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है।

2 मिनट
IGMC में पेट स्कैन और रोबोटिक सर्जरी से मरीजों को बड़ी राहत; एक महीने में 145 मरीजों का टेस्ट सफल

शिमला:

हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा अप्रैल महीने में उद्घाटित की गई पेट स्कैन मशीन का लाभ अब तक 145 लोग उठा चुके हैं।

पहले इस टेस्ट के लिए प्रदेशवासियों को चंडीगढ़ या दिल्ली के चक्कर काटने पड़ते थे, जहां उन्हें 20 से 25 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। अब यही सुविधा IGMC में मात्र 10,000 रुपये में मिल रही है, जो पूरे देश में सबसे कम दरों में से एक है।

IGMC के एमएस डॉक्टर राहुल राव ने बताया कि 6 अप्रैल को पेट स्कैन सुविधा शुरू होने के बाद से मरीजों का समय और पैसा दोनों बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन का लक्ष्य प्रदेश के लोगों को सस्ती और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं घर-द्वार पर उपलब्ध करवाना है।

पेट स्कैन के अलावा, मार्च महीने में शुरू हुई रोबोटिक सर्जरी भी मील का पत्थर साबित हो रही है। अब तक अस्पताल में 34 रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं, जिनमें से 30 सर्जरी विभाग द्वारा और 4 गायनी विभाग द्वारा की गई हैं।

हैरानी की बात यह है कि निजी अस्पतालों या अन्य राज्यों में जिस रोबोटिक सर्जरी के लिए ढाई लाख रुपये तक वसूले जाते हैं, IGMC में वह सुविधा केवल 30 हजार रुपये में दी जा रही है।

डॉक्टरों के अनुसार, रोबोटिक सर्जरी के कई फायदे हैं, जिसमें सटीक ऑपरेशन और मरीज की जल्द रिकवरी शामिल है। इन सस्ती और आधुनिक सुविधाओं के शुरू होने से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों के लिए IGMC अब उम्मीद की नई किरण बनकर उभरा है।

इस खबर को शेयर करें