मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

HRTC पेंशनरों की मांग, 3% DA जल्द जारी करे सरकार; संशोधित वेतनमान और मेडिकल बिल भी लंबित

सार

ऊना में एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन की आकस्मिक बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों पर चर्चा हुई। संगठन ने सरकार से 3 प्रतिशत डीए, संशोधित वेतनमान, मेडिकल बिलों और अन्य वित्तीय देनदारियों का जल्द भुगतान करने की मांग की।

2 मिनट
HRTC पेंशनरों की मांग, 3% DA जल्द जारी करे सरकार; संशोधित वेतनमान और मेडिकल बिल भी लंबित

ऊना में एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन की बैठक, पेंशनरों की लंबित मांगों और वित्तीय देनदारियों के जल्द भुगतान की उठाई मांग

हिमाचल पथ परिवहन निगम सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन की आकस्मिक बैठक शनिवार को ऊना मुख्यालय स्थित एक निजी होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष किशोरी लाल ने की। इस दौरान एचआरटीसी पेंशनरों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन ने सरकार से पेंशनरों को जल्द राहत देने की मांग उठाई।

जिलाध्यक्ष किशोरी लाल ने कहा कि राज्य कार्यकारिणी की मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ हुई बैठक के बाद पिछले करीब दो माह से पेंशनरों को समय पर पेंशन मिल रही है। वहीं, पिछले चार-पांच वर्षों से लंबित करीब 20 करोड़ रुपये के एरियर का भुगतान भी किया गया है। संगठन ने इसके लिए मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार जताया।

हालांकि, उन्होंने कहा कि पेंशनरों की कई महत्वपूर्ण मांगें अभी भी लंबित हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य कर्मचारियों और पेंशनरों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते यानी डीए का लाभ मिल चुका है, लेकिन एचआरटीसी पेंशनरों को अभी तक इसका भुगतान नहीं किया गया है। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों में रोष है।

किशोरी लाल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के साथ भुंतर में हुई मुलाकात के दौरान भी तीन प्रतिशत डीए का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। उस समय डीए का लाभ जारी करने के आदेश दिए जाने की बात कही गई थी, लेकिन इसके बावजूद पेंशनरों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है।

बैठक में संगठन ने 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को संशोधित वेतनमान का लाभ जल्द देने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान प्रत्येक तीन माह में नियमित रूप से करने की मांग की गई।

किशोरी लाल ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा एचआरटीसी की सेवा में लगाया है। बढ़ती उम्र और आर्थिक जरूरतों के बीच उन्हें अपने वित्तीय लाभों के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री से तीन प्रतिशत डीए, संशोधित वेतनमान, मेडिकल बिलों तथा अन्य लंबित वित्तीय देनदारियों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पेंशनरों को आर्थिक राहत मिल सके।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • पेंशन
  • महंगाई भत्ता
  • सेवानिवृत्त कर्मचारी
  • वेतनमान
  • मेडिकल बिल

इस खबर को शेयर करें