हमीरपुर।
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के हमीरपुर डिपो ने अनुशासनहीनता और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी के दौरान नशे में धुत्त पाए गए एक बस चालक को क्षेत्रीय प्रबंधक ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गत शाम हमीरपुर डिपो की एक बस हमीरपुर से सुजानपुर (वाया कोट-चौरी-पटलांदर) जा रही थी। सफर के दौरान बस का टायर पंक्चर हो गया, जिसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस की मरम्मत करवाकर उसे खाली ही वापस हमीरपुर ला रहे थे।
इसी दौरान चौरी के पास एचआरटीसी बस की एक कार के साथ टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस चालक और कार चालक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। हंगामा बढ़ता देख निगम प्रबंधन को सूचित किया गया, जिसके बाद इंस्पेक्टर अशोक कुमार सोनी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर मौजूद टीम को ड्राइवर के व्यवहार और हरकतों पर संदेह हुआ। तुरंत सुजानपुर पुलिस को सूचित किया गया और ड्राइवर को मेडिकल जांच के लिए सुजानपुर अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट में ड्राइवर के शरीर में अल्कोहल (शराब) की पुष्टि हुई है। अल्कोहल की सटीक मात्रा का पता लगाने के लिए ब्लड सैंपल आगे की जांच के लिए भेजे गए हैं।
हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक (RM) राहुल कुमार ने बताया कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं। हालांकि, पिछली बार हुई जांच में नशे की पुष्टि नहीं हो पाई थी, लेकिन इस बार मेडिकल रिपोर्ट सकारात्मक आने पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।
प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट में शराब के सेवन की पुष्टि होने के बाद चालक को निलंबित कर दिया गया है। यात्री सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। — राहुल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, HRTC हमीरपुर डिपो