शिमला I
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के छोटा शिमला क्षेत्र में शनिवार सुबह आगजनी की एक घटना से हड़कंप मच गया। सचिवालय और पुलिस थाना छोटा शिमला के पास स्थित एक ढाबे/खाने-पीने की दुकान में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि अग्निशमन विभाग ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे साथ लगती अन्य दुकानें और इमारतें सुरक्षित बच गईं।
दुकान संचालक मोनू गुप्ता ने बताया कि वह शनिवार सुबह हमेशा की तरह दुकान खोलने आए थे। दुकान खोलने के कुछ देर बाद वह कुछ जरूरी सामान लेने के लिए पास की ही एक दूसरी दुकान पर गए थे। लेकिन जब वह वापस लौटे, तो दुकान के भीतर से आग की लपटें और धुआं उठ रहा था।
आग लगने के कारणों को लेकर संचालक ने बताया कि दुकान से बाहर निकलते समय गैस सिलेंडर और बर्नर पूरी तरह बंद थे। ऐसे में प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के भीतर रखा राशन, बर्तन और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही छोटा शिमला पुलिस और अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। हालांकि, जब तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जाता, तब तक दुकानदार का भारी आर्थिक नुकसान हो चुका था।
पीड़ित दुकानदार मोनू गुप्ता ने बताया कि इस आगजनी में उनकी रोजी-रोटी का जरिया पूरी तरह नष्ट हो गया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि मौके का उचित आकलन कर उन्हें हुए आर्थिक नुकसान के लिए उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वह फिर से अपना काम शुरू कर सकें।