मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में स्कूल प्रवक्ताओं की वरिष्ठता सूची रद्द, 2006 से नए सिरे से होगा पुनर्निर्धारण

सार

हिमाचल प्रदेश शिक्षा निदेशालय ने स्कूल प्रवक्ताओं की 2017 में जारी और 2023 में संशोधित वरिष्ठता सूची को रद्द कर दिया है। अब 1 जनवरी 2006 से वरिष्ठता का पुनर्निर्धारण किया जाएगा, जिससे हजारों शिक्षकों की पदोन्नति और सेवा लाभ प्रभावित होने की संभावना है।

2 मिनट
हिमाचल में स्कूल प्रवक्ताओं की वरिष्ठता सूची रद्द, 2006 से नए सिरे से होगा पुनर्निर्धारण

2017 और 2023 की सूची निरस्त, हजारों शिक्षकों की पदोन्नति और सेवा लाभ पर असर; अस्थायी सूची जारी कर 15 दिन में आपत्तियां मांगी गईं

हिमाचल प्रदेश में स्कूल प्रवक्ताओं की वरिष्ठता व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2017 में जारी और 2023 में संशोधित वरिष्ठता सूची को रद्द करते हुए अब 1 जनवरी 2006 से वरिष्ठता का पुनर्निर्धारण करने का निर्णय लिया है।

इस फैसले से प्रदेशभर के हजारों स्कूल प्रवक्ताओं की वरिष्ठता, पदोन्नति, नियुक्ति, स्थानांतरण और अन्य सेवा लाभों पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है।

शनिवार को निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, विभिन्न न्यायालयों के निर्णयों, पूर्व प्रभाव से नियमितीकरण और सेवा लाभों से जुड़े आदेशों के कारण मौजूदा वरिष्ठता सूची में बड़े बदलाव की आवश्यकता उत्पन्न हुई है। इसी कारण पुरानी सूची को निरस्त कर नया निर्धारण करने का निर्णय लिया गया है।

निदेशालय के अनुसार 1995 से 2000 के बीच अनुबंध आधार पर नियुक्त कई प्रवक्ताओं को उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद पूर्व प्रभाव से नियमितीकरण का लाभ मिला है। कई मामलों में अदालतों ने प्रारंभिक नियुक्ति तिथि से नियमित सेवा मानने और उससे जुड़े सभी लाभ देने के निर्देश दिए हैं, जिससे वरिष्ठता क्रम में बड़ा बदलाव हुआ है।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए विभाग ने 1 जनवरी 2006 से 31 दिसंबर 2012 तक की अस्थायी वरिष्ठता सूची जारी की है। यह सूची शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है।

शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि यदि किसी का नाम सूची में शामिल नहीं है, सेवा विवरण में त्रुटि है या नियुक्ति/नियमितीकरण तिथि गलत दर्ज है, तो वे अपने डीडीओ के माध्यम से दस्तावेजी प्रमाण सहित 15 दिनों के भीतर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम वरिष्ठता सूची जारी की जाएगी।

डाइट प्रवक्ताओं को भी शामिल किया जाएगा

वरिष्ठता पुनर्निर्धारण प्रक्रिया में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट) में कार्यरत प्रवक्ताओं को भी शामिल किया जा रहा है। कुछ मामलों में न्यायालयों ने उन्हें स्कूल कैडर की वरिष्ठता सूची में शामिल करने के निर्देश दिए थे, जिन्हें अब लागू किया जा रहा है।

2013 के बाद की सूची पर फिलहाल रोक

शिक्षा निदेशालय ने 1 जनवरी 2013 के बाद की वरिष्ठता सूची तैयार करने की प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया है। इसका कारण हिमाचल प्रदेश भर्ती एवं सेवा शर्त अधिनियम-2024 से जुड़ा न्यायिक विवाद बताया गया है, जो वर्तमान में सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है।

facebook

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें