मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

न्यू कॉम्प्लेक्स व्यवस्था के खिलाफ प्राथमिक शिक्षकों का 18वें दिन भी अनशन, मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

सार

हिमाचल प्रदेश में न्यू कॉम्प्लेक्स व्यवस्था के खिलाफ प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन 18वें दिन भी जारी है। शिमला में अब महिला शिक्षक भी आंदोलन में शामिल हो गई हैं। संघ ने सरकार से न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम वापस लेने, लंबित पदोन्नतियों और भर्तियों को आगे बढ़ाने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र करने की चेतावनी दी गई है।

4 मिनट
न्यू कॉम्प्लेक्स व्यवस्था के खिलाफ प्राथमिक शिक्षकों का 18वें दिन भी अनशन, मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

प्राथमिक शिक्षक संघ ने सरकार पर लगाया अनदेखी का आरोप, कहा- 3 हजार से अधिक स्कूल एक शिक्षक के सहारे, फिर युक्तीकरण क्यों?

हिमाचल प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों का ‘न्यू कॉम्प्लेक्स व्यवस्था’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। शिमला में प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन बुधवार को 18वें दिन में प्रवेश कर गया। आंदोलन की शुरुआत पुरुष शिक्षकों ने की थी, जबकि अब महिला शिक्षक भी अनशन पर बैठकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवा रही हैं।

प्राथमिक विद्यालयों को क्लस्टर या कॉम्प्लेक्स व्यवस्था के दायरे में लाने के फैसले को लेकर शिक्षकों में भारी नाराजगी है। संघ का कहना है कि सरकार की ओर से अभी तक उनकी मांगों का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ऐसे में यदि विवादित व्यवस्था वापस नहीं ली गई तो क्रमिक अनशन जारी रहेगा और आंदोलन को आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।

15 दिन की पैदल यात्रा के बाद पहुंचे थे शिमला

प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। संघ के अनुसार, शिक्षक 15 दिनों की पैदल यात्रा कर शिमला पहुंचे थे और 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में बड़ा प्रदर्शन किया गया था।

संघ का आरोप है कि मुख्यमंत्री की ओर से धरना स्थल पर आकर दिए गए आश्वासनों के बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से मामलों का समाधान करने के बजाय उन्हें लगातार लंबित रखा जा रहा है।

हालांकि मुख्यमंत्री ने वार्ता के लिए 5 सितंबर तक का समय मांगा है, लेकिन शिक्षकों को उम्मीद है कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकार न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम को वापस लेने को लेकर कोई बड़ा फैसला कर सकती है।

‘प्रदेश में शिक्षक सरप्लस नहीं तो युक्तीकरण क्यों?’

शिक्षक संघ ने विभाग की ओर से दिए जा रहे ‘युक्तीकरण’ के तर्क को भी खारिज किया है। संघ का दावा है कि प्रदेश में जेबीटी के 5 हजार से अधिक पद खाली हैं, जबकि 3 हजार से ज्यादा स्कूल केवल एक शिक्षक के सहारे संचालित हो रहे हैं।

संघ का कहना है कि जब प्रदेश में शिक्षक सरप्लस नहीं हैं तो युक्तीकरण के नाम पर प्राथमिक स्कूलों को कॉम्प्लेक्स व्यवस्था में शामिल करने का औचित्य समझ से परे है। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था के जरिए उनकी मूल मांगों से ध्यान भटकाया जा रहा है।

पदोन्नति की फाइलें लंबित होने का आरोप

प्राथमिक शिक्षक संघ ने प्रशासनिक लेटलतीफी पर भी सवाल उठाए हैं। संघ के अनुसार, मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद जेबीटी से टीजीटी पदोन्नति से जुड़ी फाइलें लंबित हैं।

इसके अलावा हेड टीचर (HT) और सेंटर हेड टीचर (CHT) की पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर भी संघ ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। शिक्षकों का कहना है कि संबंधित फाइलें निदेशालय और सचिवालय के बीच घूम रही हैं, लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही।

संघ ने 5 अगस्त को हुई समीक्षा बैठक की रिपोर्ट में भी कथित देरी पर सवाल उठाए हैं। संघ का कहना है कि बैठक के बावजूद अभी तक उनकी मुख्य मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

बैचवाइज भर्ती और 1,762 पदों की भर्ती में तेजी की मांग

प्राथमिक शिक्षक संघ ने सरकार से न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम को तत्काल प्रभाव से रद्द करने, लंबित बैचवाइज भर्तियों को आगे बढ़ाने और कमीशन के माध्यम से निकाले गए 1,762 पदों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है।

संघ का कहना है कि शिक्षकों ने छुट्टियों के दौरान अनशन इसलिए शुरू किया था, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। अब स्कूल खुलने के बाद भी आंदोलन जारी रखने का निर्णय सरकार की ओर से मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के कारण लिया गया है।

मांगें नहीं मानी तो 2027 तक आंदोलन की चेतावनी

रमेश शर्मा ने कहा कि यदि सरकार ने शिक्षकों की समस्याओं का न्यायसंगत समाधान नहीं किया तो जनरल हाउस में लिए गए फैसले के अनुसार क्रमिक अनशन को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव तक जारी रखने का निर्णय लिया जा सकता है।

उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्राथमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करते हुए न्यू कॉम्प्लेक्स व्यवस्था को वापस लेने और लंबित भर्ती एवं पदोन्नति प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने की मांग की है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • प्राथमिक शिक्षक
  • अनशन
  • विरोध प्रदर्शन
  • शिक्षा विभाग
  • न्यू कॉम्प्लेक्स व्यवस्था
  • शिक्षक संघ
  • शिक्षक आंदोलन
  • प्राथमिक शिक्षा
  • सरकारी नीतियाँ
  • कॉम्प्लेक्स व्यवस्था

इस खबर को शेयर करें