मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, बालिग युवक-युवती को लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रहने की मिली अनुमति

सार

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे करीब 21 वर्षीय युवक-युवती को राहत देते हुए साथ रहने और रिश्ता जारी रखने की अनुमति दी। अदालत ने कहा कि दोनों बालिग हैं और अपने निजी जीवन को लेकर स्वतंत्र निर्णय लेने के हकदार हैं।

2 मिनट
हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, बालिग युवक-युवती को लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रहने की मिली अनुमति

अदालत ने कहा- बालिग व्यक्ति अपने निजी जीवन को लेकर स्वतंत्र निर्णय लेने के हकदार, माता-पिता ने भी रिश्ते पर जताई सहमति

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे करीब 21 वर्षीय युवक-युवती को बड़ी राहत दी है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि दोनों बालिग हैं और अपनी इच्छा से साथ रहना चाहते हैं, ऐसे में उन्हें अपने निजी जीवन और रिश्ते को लेकर स्वतंत्र निर्णय लेने का अधिकार है। अदालत ने दोनों को अपनी इच्छा के अनुसार साथ रहने और अपने संबंध को जारी रखने की अनुमति दी है।

मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने युवती की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। अदालत को बताया गया कि युवक और युवती की उम्र करीब 21 वर्ष है और दोनों जनवरी 2026 से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं।

शुरुआत में युवक के माता-पिता को था रिश्ते पर एतराज

मामले में युवक के माता-पिता शुरुआत में दोनों के रिश्ते के विरोध में थे। याचिका में आरोप लगाया गया था कि युवक के माता-पिता उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध कांगड़ा स्थित घर ले गए और वहां रखा गया।

सुनवाई के दौरान युवक के माता-पिता भी अदालत में मौजूद रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब उन्हें युवक और युवती के रिश्ते पर कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह चिंता जरूर जताई कि युवक अभी पढ़ाई कर रहा है और लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के फैसले से उसकी शिक्षा प्रभावित हो सकती है।

हाईकोर्ट ने दोनों युवाओं की काउंसलिंग की

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट की खंडपीठ ने दोनों युवाओं से बातचीत और काउंसलिंग भी की। अदालत ने उन्हें रिश्ते के साथ-साथ अपनी शिक्षा और भविष्य को लेकर भी गंभीर रहने की सलाह दी।

अदालत ने परिस्थितियों पर विचार करते हुए कहा कि दोनों बालिग हैं और अपनी स्वतंत्र इच्छा से साथ रहना चाहते हैं। ऐसे में केवल माता-पिता की असहमति के आधार पर उन्हें अलग रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।

अलग-अलग कंपनियों में काम कर रहे हैं दोनों

अदालत के समक्ष यह भी जानकारी दी गई कि युवक और युवती दोनों अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं। दोनों ने अपनी इच्छा से साथ रहने और अपने रिश्ते को जारी रखने की बात कही।

हाईकोर्ट ने दोनों की उम्र, उनकी स्वतंत्र इच्छा और मामले की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए याचिका का निपटारा कर दिया। अदालत के इस फैसले से दोनों युवाओं को अपनी पसंद के अनुसार साथ रहने की कानूनी राहत मिली है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें