मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सरकारी स्कूलों की ओर बढ़ा बच्चों का रुझान, दाखिलों का टूटा रिकॉर्ड; कैबिनेट बढ़ाएगी 1500 शिक्षकों के पद

सार

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों के इतिहास में पहली बार एक बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

2 मिनट
सरकारी स्कूलों की ओर बढ़ा बच्चों का रुझान, दाखिलों का टूटा रिकॉर्ड; कैबिनेट बढ़ाएगी 1500 शिक्षकों के �पद

शिमला

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों के इतिहास में पहली बार एक बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। राज्य में लगातार कम हो रही छात्र संख्या के विपरीत, इस बार विद्यार्थियों का रुझान सरकारी स्कूलों की ओर रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ा है।

प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के लिए उठाए गए कदमों के तहत 158 सरकारी स्कूलों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्ध (Affiliated) किया गया है। सरकार का यह प्रयोग पहले ही साल बेहद सफल साबित हुआ है और निजी स्कूलों (Private Schools) को छोड़कर भारी संख्या में बच्चे इन सरकारी संस्थानों में दाखिला लेने पहुंच रहे हैं।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बंपर एडमिशन, मंडी-शिमला आगे

समीक्षा के अनुसार, वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इन सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में कुल 84,420 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। शिक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से 11,721 बच्चे ऐसे हैं जो निजी स्कूलों की महंगी पढ़ाई छोड़कर सरकारी व्यवस्था में शामिल हुए हैं,

जबकि 11,525 विद्यार्थी सामान्य सरकारी स्कूलों से इन विशेष सीबीएसई स्कूलों में स्थानांतरित हुए हैं। राज्य में अब तक कुल 23,247 नए दाखिले बढ़ चुके हैं, जिनमें मंडी, शिमला, चंबा, सिरमौर और सोलन जिलों के स्कूलों में सबसे अधिक उत्साह देखा गया है।

11 साल की गिरावट पर लगा अंकुश

यह बदलाव इसलिए ऐतिहासिक है क्योंकि पिछले 11 वर्षों से हिमाचल के सरकारी स्कूलों में प्राइमरी से लेकर जमा दो (12वीं) तक छात्रों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही थी।

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2014-15 में जहां सरकारी स्कूलों में 9,59,147 विद्यार्थी पंजीकृत थे, वहीं वर्ष 2024-25 तक यह संख्या घटकर महज 6,05,342 रह गई थी। यानी 11 सालों में कुल 3,53,805 विद्यार्थियों की कमी दर्ज की गई थी। लेकिन पहले प्री-प्राइमरी कक्षाओं की शुरुआत और अब स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने के फैसले ने इस गिरावट पर पूरी तरह अंकुश लगा दिया है।

शिक्षकों के 1500 अतिरिक्त पद सृजित करने की तैयारी

विद्यार्थियों की इस भारी आमद के कारण कई स्कूलों में अब दो-दो सेक्शन बनाने की नौबत आ गई है, जिसके चलते अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता खड़ी हो गई है। सरकार ने इन स्कूलों में पहले ही शिक्षकों के 6,000 पद भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, और अब विभाग ने सरकार से लगभग 1,500 और नए पद सृजित करने की मांग की है।

इस प्रस्ताव पर आज, 22 मई को होने वाली राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में अहम चर्चा होने जा रही है, जहां मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में इन अतिरिक्त पदों को हरी झंडी मिलने की पूरी संभावना है।

इस खबर को शेयर करें