मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल सरकार की कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी: सोशल मीडिया पर नीतिगत टिप्पणी और 'कैजुअल' पहनावे पर लगी रोक

सार

हिमाचल प्रदेश सरकार ने सचिवालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अनुशासन और पेशेवर आचरण को लेकर नए और सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

2 मिनट
हिमाचल सरकार की कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी: सोशल मीडिया पर नीतिगत टिप्पणी और 'कैजुअल' पहनावे पर लगी रोक

शिमला

हिमाचल प्रदेश सरकार ने सचिवालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अनुशासन और पेशेवर आचरण को लेकर नए और सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार को जारी एक विस्तृत सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि अब सरकारी कर्मचारी सोशल मीडिया पर सरकार की नीतियों की न तो आलोचना कर सकेंगे और न ही अनधिकृत

टिप्पणी कर सकेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

सोशल मीडिया पर 'डिजिटल' लक्ष्मण रेखा

सर्कुलर के अनुसार, सरकारी सेवकों का आचरण केवल कार्यालय परिसर तक सीमित नहीं रहेगा। अब उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों—जैसे पोस्ट, स्टोरी, ब्लॉग या किसी भी डिजिटल टिप्पणी—पर विभाग की पैनी नजर होगी।

कर्मचारी किसी भी सरकारी नीति या मुद्दे पर ऐसी कोई सार्वजनिक अभिव्यक्ति नहीं कर सकते जिससे सरकार की छवि प्रभावित हो। बिना पूर्व अनुमति के किसी भी आधिकारिक दस्तावेज या जानकारी को साझा करना सेवा नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।

सरकार ने 'केंद्रीय सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1964' का हवाला देते हुए कहा है कि कर्मचारियों को ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जो एक सरकारी सेवक की गरिमा के विपरीत हो।

पहनावे पर सख्ती: पार्टी और कैजुअल ड्रेस को कहा 'ना'

प्रशासनिक अनुशासन को सुदृढ़ करने के लिए सरकार ने कर्मचारियों के ड्रेस कोड पर भी सख्त रुख अपनाया है।कार्यालय और अदालतों में उपस्थित होते समय कर्मचारियों को मर्यादित, औपचारिक और सादे रंगों के कपड़े पहनने के निर्देश दिए गए हैं।

सर्कुलर में 'कैजुअल' और 'पार्टी वियर' को पूरी तरह से अनुचित और गैर-पेशेवर करार दिया गया है। सरकार का मानना है कि राज सचिवालय जैसे संवेदनशील संस्थान में कर्मचारियों का पहनावा सरकार की कार्य संस्कृति और प्रशासनिक गंभीरता को प्रतिबिंबित करता है।

विभागाध्यक्षों को कड़ाई से पालन के निर्देश

हाल के दिनों में अनुशासनहीनता के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी विभागाध्यक्षों और उच्च अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि वे अपने अधीन कार्यरत कर्मचारियों और प्रतिनियुक्ति (Deputation) पर आए अधिकारियों को इन नियमों से तुरंत अवगत कराएं। यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि उनके विभाग में नियमों का शत-प्रतिशत पालन हो।

उल्लंघन पर होगी बड़ी कार्रवाई

सरकार ने साफ कर दिया है कि यह केवल सुझाव नहीं, बल्कि अनिवार्य निर्देश हैं। यदि कोई कर्मचारी इन आदेशों की अवहेलना करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सेवा नियमों और नियुक्ति की शर्तों के तहत विभागीय जांच और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस खबर को शेयर करें