मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता की बड़ी पहल: अब नहीं करेंगे हेलीकॉप्टर का उपयोग, काफिले की गाड़ियां भी होंगी आधी

सार

पश्चिम एशिया संकट के चलते वैश्विक स्तर पर गहराते ईंधन संकट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भरता की अपील के समर्थन में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने एक अनुकरणीय मिसाल पेश की है।

अपडेट: 2 मिनट
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता की बड़ी पहल: अब नहीं करेंगे हेलीकॉप्टर का उपयोग, काफिले की गाड़ियां भी होंगी आधी

शिमला

पश्चिम एशिया संकट के चलते वैश्विक स्तर पर गहराते ईंधन संकट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भरता की अपील के समर्थन में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने एक अनुकरणीय मिसाल पेश की है। राज्यपाल ने राजभवन (लोक भवन) को “फ्यूल कंजर्वेशन जोन” घोषित करते हुए अपने विशेष अधिकारों और सुविधाओं में भारी कटौती करने का निर्णय लिया है।

काफिले में कटौती और हेलीकॉप्टर का त्याग

राज्यपाल ने तत्काल प्रभाव से अपने आधिकारिक काफिले के आकार को आधा करने के निर्देश दिए हैं। आमतौर पर राज्यपाल के काफिले में करीब 20 गाड़ियां शामिल रहती हैं, जिन्हें अब घटाकर 10 कर दिया जाएगा।

राज्यपाल ने घोषणा की है कि जब तक पश्चिम एशिया संकट समाप्त नहीं होता और वैश्विक ईंधन कीमतें स्थिर नहीं होतीं, वे किसी भी आधिकारिक कार्यक्रम के लिए सरकारी हेलीकॉप्टर का उपयोग नहीं करेंगे। राज्यपाल का मानना है कि जब देश से ईंधन बचाने की अपील की जा रही है, तब सबसे अधिक ईंधन खपत वाले साधनों का उपयोग करना उचित नहीं है।

राजभवन में "पेट्रोल-फ्री संडे"

ईंधन संरक्षण अभियान को सशक्त बनाने के लिए राजभवन में अब हर रविवार को “पेट्रोल-फ्री संडे” मनाया जाएगा। रविवार के दिन किसी भी आधिकारिक वाहन में आयातित ईंधन का उपयोग नहीं होगा। सभी जरूरी सरकारी कार्यक्रम या बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से की जाएंगी या फिर सामूहिक यात्रा (Pool Travel) की व्यवस्था अपनाई जाएगी।

विश्वविद्यालयों और युवाओं से आह्वान

राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति होने के नाते राज्यपाल ने कुलपतियों को पत्र लिखकर कैंपस में ऊर्जा संरक्षण को संस्थागत रूप देने का आग्रह किया है। उन्होंने सुझाव दिया कि शिक्षक, छात्र और कर्मचारी कारपूलिंग, साइकिल या सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें।

गैर-जरूरी बैठकों को ऑनलाइन मोड पर शिफ्ट किया जाए। युवा वर्ग राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी को समझते हुए ऊर्जा बचत को अपना स्वभाव बनाएं।

"वोकल फॉर लोकल" पर जोर

ईंधन बचत के साथ-साथ राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से “वोकल फॉर लोकल” अभियान को मजबूती देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने से न केवल अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि परिवहन पर होने वाली ईंधन की निर्भरता भी कम होगी।

इस खबर को शेयर करें