मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सीबीएसई स्कूलों में मेरिट के आधार पर होगी शिक्षकों की नियुक्ति, कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक के बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का बड़ा बयान

सार

हिमाचल प्रदेश के 147 संचालित सरकारी सीबीएसई (CBSE) स्कूलों में शिक्षकों और प्रिंसिपलों की तैनाती को लेकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का एक महत्वपूर्ण बयान सामने आया है।

2 मिनट
सीबीएसई स्कूलों में मेरिट के आधार पर होगी शिक्षकों की नियुक्ति, कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक के बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का बड़ा बयान

हिमाचल प्रदेश के 147 संचालित सरकारी सीबीएसई (CBSE) स्कूलों में शिक्षकों और प्रिंसिपलों की तैनाती को लेकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का एक महत्वपूर्ण बयान सामने आया है। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट सब-कमेटी (उप मंत्रिमंडलीय समिति) की बैठक में लिए गए फैसलों की पूरी रिपोर्ट मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सौंपी जाएगी और इसके बाद पूरी पारदर्शिता के साथ केवल लिखित परीक्षा की मेरिट के आधार पर ही शिक्षकों को स्कूलों का आवंटन किया जाएगा। इसके साथ ही इन स्कूलों में प्रिंसिपलों की तैनाती भी जल्द ही सुनिश्चित की जाएगी।

सीबीएसई स्कूलों में पहले से अपनी सेवाएं दे रहे शिक्षकों के तबादलों और भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों पर शिक्षा मंत्री ने स्थिति साफ करते हुए कहा कि विभाग में इस समय कई पद रिक्त हैं, इसलिए किसी को घबराने की जरूरत नहीं है और सभी शिक्षकों को सही तरीके से एडजस्ट किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता होगी, अतिरिक्त शिक्षक भी तैनात किए जाएंगे, लेकिन सरकार की पहली प्राथमिकता सीबीएसई स्कूलों के लिए विशेष रूप से चयनित शिक्षकों को ही ज्वाइनिंग देना रहेगी।

इसके अलावा शिक्षा मंत्री ने मेधावी छात्रों को राहत देते हुए कहा कि 10वीं और 12वीं कक्षा के होनहारों को दी जाने वाली 16 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि को भी जल्द जारी करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि बुधवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक में शिक्षा विभाग ने अपना कड़ा पक्ष रखते हुए दलील दी थी कि इस पूरी भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह नियमसम्मत और विवाद-रहित बनाए रखने के लिए केवल लिखित परीक्षा के अंकों (मेरिट) को ही आधार माना जाना चाहिए।

विभाग के अनुसार, मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया से भविष्य में किसी भी तरह के कानूनी पचड़े या कोर्ट केस की संभावना बेहद कम हो जाएगी। आपको बता दें कि इन स्कूलों में नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग पहले ही बोर्ड के माध्यम से परीक्षा आयोजित कर परिणाम और मेरिट सूची घोषित कर चुका है।

चूंकि यह मामला बड़ी संख्या में शिक्षकों के भविष्य से जुड़ा है, इसलिए सब-कमेटी ने अंतिम मंजूरी के लिए इस फाइल को मुख्यमंत्री के पास भेजने का निर्णय लिया है, जिस पर जल्द ही अंतिम मुहर लगेगी।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें