मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में नशे पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: 3 साल में 10,357 तस्कर गिरफ्तार, 45 हजार किलो ड्रग्स जब्त, 23 सरकारी कर्मचारी भी बर्खास्त

सार

हिमाचल प्रदेश में नशीले पदार्थों के काले कारोबार और ड्रग तस्करों के खिलाफ राज्य सरकार व पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है।

2 मिनट
हिमाचल में �नशे पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: 3 साल में 10,357 तस्कर गिरफ्तार, 45 हजार किलो ड्रग्स जब्त, 23 सरकारी कर्मचारी भी बर्खास्त

हमीरपुर।

हिमाचल प्रदेश में नशीले पदार्थों के काले कारोबार और ड्रग तस्करों के खिलाफ राज्य सरकार व पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। वर्तमान सरकार के तीन साल के कार्यकाल में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत कड़ाई से कार्रवाई करते हुए रिकॉर्ड 10,357 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है,

जिनमें 176 बड़े तस्कर शामिल हैं जो इस समय जेल की सलाखों के पीछे हैं। यह अहम खुलासा राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने हमीरपुर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आधिकारिक आंकड़े साझा करते हुए नरेश ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है। पिछले तीन सालों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 6,811 मामले दर्ज किए गए हैं, जो पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के मुकाबले 33.18 फीसदी अधिक हैं।

इन मामलों के तहत पुलिस ने अब तक कुल 45,864 किलोग्राम से ज्यादा की भारी मात्रा में नशीली सामग्री बरामद की है, जो प्रदेश के इतिहास में अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।

सरकार की ओर से तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि एसटीएफ (STF) ने नशा तस्करी से जुड़े 300 वित्तीय मामलों की गहन निगरानी की थी। इसके परिणामस्वरूप 76 अवैध संपत्ति के मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 13 तस्करों की अवैध संपत्तियों को नियमों के तहत पूरी तरह से ध्वस्त (बुलडोज़र कार्रवाई) कर दिया गया है।

इतना ही नहीं, नशा तस्करी में संलिप्तता और कोताही बरतने पर सख्त कदम उठाते हुए अब तक 23 सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त भी किया जा चुका है।

पत्रकार वार्ता के दौरान नरेश ठाकुर ने पूर्व भाजपा सरकार के समय बोर्ड के संयोजक रहे ओ.पी. शर्मा के बयानों पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पूर्व संयोजक सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए मुख्यमंत्री और सरकार पर गलत बयानबाजी कर रहे हैं।

ठाकुर ने शर्मा को चुनौती देते हुए पूछा कि वह बताएं कि उनके कार्यकाल में बोर्ड की कितनी बैठकें हुईं और उन्होंने नशे के खिलाफ कौन सा बड़ा अभियान चलाया? जबकि वर्तमान सरकार आज हर जिले में जागरूकता अभियान चलाकर धरातल पर काम कर रही है।

इस खबर को शेयर करें