मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सेब सीजन से पहले अलर्ट: जर्जर सड़कों पर चिंता, बागवानों को हो सकता है भारी नुकसान

सार

हिमाचल में सेब सीजन शुरू होने से पहले ऊपरी शिमला की जर्जर सड़कों को लेकर चिंता जताई गई है। जिला परिषद सदस्य अतुल शर्मा ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल मरम्मत और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था की मांग की है, ताकि बागवानों को नुकसान न हो।

2 मिनट
सेब �सीजन से पहले अलर्ट: जर्जर सड़कों पर चिंता, बागवानों को हो सकता है भारी नुकसान

जिला परिषद सदस्य अतुल शर्मा ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, ऊपरी शिमला में सड़क मरम्मत और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग

हिमाचल प्रदेश में आगामी सेब सीजन को लेकर ऊपरी शिमला क्षेत्र की सड़क व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। चौपाल विधानसभा क्षेत्र के गोरली मडावग से जिला परिषद सदस्य अतुल शर्मा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि समय रहते सड़कों की मरम्मत नहीं की गई तो बागवानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

अतुल शर्मा ने अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) शिमला को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि ऊपरी शिमला की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से सेब उत्पादन पर निर्भर है और हजारों किसान अपनी वार्षिक आय के लिए इसी फसल पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में सीजन से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने पिछले वर्ष की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण एचपीएमसी के गोदामों, बगीचों और सड़कों पर हजारों टन सेब फंस गया था, जिससे किसानों को बड़ा नुकसान हुआ। इस बार भी बरसात शुरू हो चुकी है और 15 जुलाई से सेब सीजन की शुरुआत होने वाली है, लेकिन जमीनी स्तर पर तैयारियां नाकाफी दिखाई दे रही हैं।

खराब सड़कों पर जताई चिंता

अतुल शर्मा ने बताया कि करगोली नाला–देहा, देहा–चौपाल, सरांह–जोड़ना–पुलबाहल–नेरीपुल और बमटा–मडावग–खिड़की जैसे कई महत्वपूर्ण मार्गों की हालत बेहद खराब है। इन सड़कों पर गहरे गड्ढे, क्षतिग्रस्त हिस्से और गिरते पेड़ दुर्घटनाओं और परिवहन बाधा का कारण बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि इन मार्गों की जल्द मरम्मत नहीं की गई तो सेब की ढुलाई प्रभावित होगी, जिससे किसानों को सीधा नुकसान होगा।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में मांग की गई है कि सेब सीजन से पहले सभी प्रमुख और वैकल्पिक मार्गों को दुरुस्त किया जाए। साथ ही भारी बारिश के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग की मशीनरी तैनात की जाए और पुलिस द्वारा प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन लागू किया जाए।

इसके अलावा उन्होंने पंचायत स्तर पर लिंक रोड के लिए विशेष फंड, एचपीएमसी द्वारा लंबित भुगतान का निपटान, बिना लाइसेंस सेब खरीद पर रोक और आढ़तियों द्वारा समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।

अतुल शर्मा ने कहा कि सेब हिमाचल की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और यदि प्रशासन ने समय रहते कदम नहीं उठाए तो इसका सीधा असर हजारों बागवान परिवारों की आय पर पड़ेगा।

facebook

इस खबर के विषय

  • सेब सीजन
  • जर्जर सड़कें
  • बागवान
  • आर्थिक नुकसान
  • अतुल शर्मा
  • सड़क मरम्मत

इस खबर को शेयर करें