मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हमीरपुर की शिवानी शर्मा ने रचा इतिहास, मेडिकल ऑफिसर चयन परीक्षा में हिमाचल में हासिल किया पांचवां स्थान

सार

हमीरपुर जिला के बड़सर उपमंडल की शिवानी शर्मा ने मेडिकल ऑफिसर चयन परीक्षा में हिमाचल प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शिवानी अब सिविल अस्पताल गलोड़ में डॉक्टर के रूप में सेवाएं देंगी। उन्होंने बिना ड्रॉप और बिना कोचिंग कड़ी मेहनत से यह उपलब्धि हासिल की।

2 मिनट
हमीरपुर की शिवानी शर्मा ने रचा इतिहास, मेडिकल ऑफिसर चयन परीक्षा में हिमाचल में हासिल किया पांचवां स्थान

बड़सर की बेटी अब सिविल अस्पताल गलोड़ में देंगी सेवाएं, बिना ड्रॉप और बिना कोचिंग मेहनत से पूरा किया डॉक्टर बनने का सपना

जिला हमीरपुर के बड़सर उपमंडल के अंतर्गत आने वाले ज्योली देवी कस्बे की रहने वाली शिवानी शर्मा ने मेडिकल ऑफिसर चयन परीक्षा में हिमाचल प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल कर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। शिवानी शर्मा की इस उपलब्धि से परिजनों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

शिवानी शर्मा अब सिविल अस्पताल गलोड़ में मेडिकल ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी।

स्कूली शिक्षा से लेकर मेडिकल तक का सफर

शिवानी शर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा न्यू ब्राइट सन मॉडल स्कूल मैहरे से पूरी की, जबकि 12वीं कक्षा की पढ़ाई हिम अकादमी हमीरपुर से की। इसके बाद उन्होंने डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की और मई 2025 में मेडिकल डिग्री हासिल की।

शिवानी के पिता प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता अध्यापिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं।

बिना ड्रॉप और बिना कोचिंग हासिल की सफलता

शिवानी शर्मा ने वर्ष 2019 में बिना किसी ड्रॉप के नेट परीक्षा उत्तीर्ण की और इसके बाद मेडिकल शिक्षा की ओर कदम बढ़ाया। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बिना कोचिंग के कई प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल की।

12वीं के बाद उन्होंने प्रथम प्रयास में ही आईआईएसईआर, आईसीएआर, वेटरनरी, हॉर्टिकल्चर, एग्रीकल्चर और पंजाब यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं मेरिट के साथ उत्तीर्ण की थीं।

हालांकि, उनका लक्ष्य हमेशा डॉक्टर बनकर हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सेवा करना था, जिसे उन्होंने कड़ी मेहनत के बाद पूरा कर दिखाया।

परिजनों और क्षेत्रवासियों ने दी बधाई

शिवानी शर्मा की उपलब्धि पर बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया, ज्योली देवी पंचायत प्रतिनिधियों और परिजनों ने उन्हें बधाई दी है।

लोगों ने कहा कि शिवानी की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है और उनकी उपलब्धि से पूरे हमीरपुर जिले का गौरव बढ़ा है।

facebook

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें