मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

जंगलों में आग लगाई तो अब सीधे दर्ज होगी FIR, जिलाभर में कंट्रोल रूम स्थापित

सार

हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बेकाबू हो रही वनाग्नि (जंगलों की आग) की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और वन विभाग अब बेहद सख्त रुख अपनाने जा रहा है।

2 मिनट
जंगलों में आग लगाई तो अब सीधे दर्ज होगी FIR, जिलाभर में कंट्रोल रूम स्थापित

हमीरपुर।

हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बेकाबू हो रही वनाग्नि (जंगलों की आग) की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और वन विभाग अब बेहद सख्त रुख अपनाने जा रहा है। जंगलों को आग से बचाने और शरारती तत्वों पर नकेल कसने के लिए वन विभाग ने कानूनी कार्रवाई तेज करने का फैसला किया है।

अब यदि फायर सीजन के दौरान कोई भी व्यक्ति जंगलों या घासनियों में जानबूझकर आग लगाते हुए पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ बिना किसी ढील के सीधे पुलिस थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज करवाई जाएगी।

शरारती तत्वों पर वन विभाग की पैनी नजर: डीएफओ अंकित सिंह

हमीरपुर के वन मंडलाधिकारी (DFO) अंकित सिंह ने बताया कि वनों को आगजनी से भारी नुकसान पहुंच रहा है, जिसे रोकने के लिए विभाग पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि जंगलों में आग लगाना एक गंभीर दंडनीय अपराध है।

अगर कोई भी व्यक्ति इस तरह की गैर-कानूनी गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो वन विभाग तुरंत पुलिस में मामला दर्ज करवाकर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

जिलाभर में स्थापित हुए कंट्रोल रूम, तुरंत दें सूचना

डीएफओ ने जानकारी दी कि आगजनी की किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत काबू पाने और त्वरित कार्रवाई के लिए जिलाभर में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए गए हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अगर जिले में कहीं भी आग लगने की घटना सामने आती है, तो बिना समय गंवाए तुरंत इसकी सूचना वन विभाग या नजदीकी कंट्रोल रूम को दें,

ताकि दमकल कर्मियों और वन रक्षकों की टीम समय रहते मौके पर पहुंचकर आग को फैलने से रोक सके।

हमीरपुर में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में, सहयोग की अपील

राहत की बात यह है कि अन्य जिलों के मुकाबले हमीरपुर में अभी तक स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में है। डीएफओ अंकित सिंह ने बताया कि इस फायर सीजन में अब तक जिले में बहुत कम आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं और केवल एक-दो जगहों पर ही वनों में आग लगने के मामले रिपोर्ट हुए हैं।

जनता से वन विभाग की अपील हैं कि जंगलों को बचाना केवल विभाग की नहीं, बल्कि हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। हमारी जनता से अपील है कि वनों को सुरक्षित रखने के लिए आगे आएं, सूखा मौसम होने के कारण आग लगाने से पूरी तरह परहेज करें और आग पर काबू पाने में वन विभाग की टीमों का पूरा सहयोग करें।

इस खबर को शेयर करें