मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हमीरपुर की चार विधानसभाओं में BDC चेयरमैन-वाईस चेयरमैन नहीं बने, भाजपा ने निकाली रैली

सार

जिला हमीरपुर की चार विधानसभा क्षेत्रों में BDC चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव नहीं होने के मुद्दे को लेकर भाजपा मंडल हमीरपुर ने सोमवार को शहर में रैली निकाली और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। भाजपा ने प्रदेश सरकार पर पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में देरी और BDC पदों पर नियुक्ति न करने का आरोप लगाया। साथ ही लंबलू उपतहसील में दो महीने से रिक्त तहसीलदार के पद को जल्द भरने की मांग उठाई।

3 मिनट
हमीरपुर की चार विधानसभाओं में BDC चेयरमैन-वाईस चेयरमैन नहीं बने, भाजपा ने निकाली रैली

विधायक आशीष शर्मा बोले- दो महीने से लंबलू में तहसीलदार का पद खाली, लोगों को राजस्व कार्यों के लिए भटकना पड़ रहा

जिला हमीरपुर की चार विधानसभा क्षेत्रों में बीडीसी चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के पदों पर नियुक्ति नहीं होने के मुद्दे को लेकर भाजपा मंडल हमीरपुर ने सोमवार को शहर में रैली निकाली। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन सौंपा।

भाजपा ने जल्द बीडीसी चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की नियुक्ति करने के साथ ही लंबलू उपतहसील में रिक्त चल रहे तहसीलदार के पद को भरने की मांग उठाई।

सिर्फ भोरंज में बने BDC चेयरमैन और वाइस चेयरमैन

भाजपा नेताओं ने कहा कि 31 मई तक बीडीसी के चुनाव संपन्न हो गए थे, लेकिन इसके बाद अब तक केवल भोरंज विधानसभा क्षेत्र में ही चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चयन हुआ है। हमीरपुर की अन्य चार विधानसभा क्षेत्रों में अभी तक इन पदों पर नियुक्ति नहीं हो पाई है।

भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पहले पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवाने में देरी करती रही और अब बीडीसी चेयरमैन तथा वाइस चेयरमैन के चयन में भी अनावश्यक देरी की जा रही है।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजकर जल्द से जल्द बीडीसी चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चयन की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।

लंबलू में दो महीने से तहसीलदार का पद खाली

भाजपा ने लंबलू उपतहसील में पिछले करीब दो महीने से तहसीलदार का पद रिक्त होने का मुद्दा भी उठाया। पार्टी नेताओं का कहना है कि तहसीलदार का पद खाली होने के कारण लोगों को राजस्व संबंधी कार्य करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों को अपने जरूरी राजस्व कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। भाजपा ने मांग की कि लंबलू में जल्द तहसीलदार की नियुक्ति की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

आशीष शर्मा बोले- सरकार जानबूझकर कर रही देरी

हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा ने आरोप लगाया कि चार विधानसभा क्षेत्रों में बीडीसी चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की नियुक्ति नहीं की जा रही है और प्रदेश सरकार जानबूझकर इसमें देरी कर रही है।

उन्होंने कहा कि लंबलू में राजनीतिक द्वेष के चलते तहसीलदार और पटवारी का तबादला किया गया था। इसके बाद पिछले दो महीने से तहसीलदार का पद खाली है। इससे स्थानीय लोगों को राजस्व संबंधी कार्य करवाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं।

आशीष शर्मा ने कहा कि भाजपा ने उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन सौंपकर दोनों मुद्दों का जल्द समाधान करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि सरकार को बीडीसी चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की नियुक्ति के साथ लंबलू में तहसीलदार की तैनाती भी जल्द करनी चाहिए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें