मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सिरमौर की इटरनल यूनिवर्सिटी के गर्ल्स टॉयलेट में वीडियो बनाने के आरोप में सफाईकर्मी गिरफ्तार

सार

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल में स्थित इटरनल यूनिवर्सिटी बडू साहिब से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है।

अपडेट: 2 मिनट
सिरमौर की इटरनल यूनिवर्सिटी के गर्ल्स टॉयलेट में वीडियो बनाने के आरोप में सफाईकर्मी गिरफ्तार

नाहन (सिरमौर)।

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल में स्थित इटरनल यूनिवर्सिटी बडू साहिब से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ यूनिवर्सिटी परिसर के गर्ल्स टॉयलेट में छात्राओं का वीडियो बनाते हुए एक सफाई कर्मचारी को रंगे हाथों पकड़ा गया है।

इस घटना की भनक लगते ही पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया और सुरक्षित माहौल की मांग को लेकर छात्राओं ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन के खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

झारखंड का रहने वाला है आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान छेदन साहू (पुत्र लाल साहू) के रूप में हुई है, जो माल्गो लापुग, जिला रांची (झारखंड) का रहने वाला है।

वह पिछले कुछ महीनों से यूनिवर्सिटी परिसर में सफाई कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने की फिराक में था, लेकिन मुस्तैद छात्राओं ने उसे घेराबंदी करके दबोच लिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

वीडियो डिलीट, फॉरवर्ड होने की आशंका

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़े जाने के डर से आरोपी सफाईकर्मी ने अपने मोबाइल से वीडियो डिलीट कर दिए थे। हालांकि, छात्राओं और पुलिस को अंदेशा है कि डिलीट करने से पहले इन संवेदनशील वीडियो को कहीं और फॉरवर्ड या सोशल मीडिया पर साझा किया जा चुका था।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन कैंपस में काम करने वाले अन्य बाहरी मजदूरों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं ताकि किसी भी तरह की साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर उठे गंभीर सवाल

उत्तर भारत की एकमात्र 'गर्ल्स यूनिवर्सिटी' होने का दावा करने वाले इस प्रतिष्ठित संस्थान में इस घटना ने छात्राओं की सुरक्षा और निजता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि लड़कियों के टॉयलेट और संवेदनशील संवेदनशील जगहों पर महिला सफाईकर्मियों के बजाय बाहरी पुरुष मजदूरों को तैनात क्यों किया गया था? गौरतलब है कि कुछ समय पहले भी इसी यूनिवर्सिटी की मेस में कीड़े वाला खाना परोसने को लेकर काफी विवाद हुआ था, जिससे प्रबंधन की लापरवाही लगातार उजागर हो रही है।

फोरेंसिक लैब भेजा गया मोबाइल: एसपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (SP) निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पच्छाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है, जिसे डिलीट किए गए डेटा और वीडियो को रिकवर करने के लिए स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा जा रहा है।

पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है और छात्राओं को पूरी सुरक्षा का भरोसा दिया गया है।

इस खबर को शेयर करें