112 कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही चौपाल पुलिस ने संभाला मोर्चा, आधी रात को दो युवकों और बाद में दंपति को भी सुरक्षित निकाला
शिमला जिले के चूड़धार क्षेत्र में रविवार रात रास्ता भटके चार श्रद्धालुओं को पुलिस ने रातभर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बचा लिया। श्रद्धालु चूड़धार यात्रा से वापस लौट रहे थे, इसी दौरान घने जंगल में रास्ता भटक गए और उन्हें अपनी लोकेशन का भी पता नहीं चल पा रहा था।
जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 की रात 112 कंट्रोल रूम शिमला के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि कुछ श्रद्धालु चूड़धार क्षेत्र के जंगल में रास्ता भटक गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
चूड़धार का क्षेत्र दुर्गम और घने जंगलों वाला है। रात के अंधेरे में सर्च ऑपरेशन चलाना पुलिस टीम के लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन जवानों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद तलाश अभियान जारी रखा। पुलिस टीम ने जंगल के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धालुओं की तलाश शुरू की।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने आधी रात को दो युवकों को पताल खड्ड की ओर जंगल से सकुशल रेस्क्यू कर लिया। इसी दौरान पुलिस को दो अन्य श्रद्धालुओं के भी रास्ता भटकने की सूचना मिली। इनमें एक दंपति शामिल था।
पुलिस टीम ने पहले रेस्क्यू किए गए श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही अपना सर्च ऑपरेशन जारी रखा। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने चूड़धार क्षेत्र से दोनों अन्य श्रद्धालुओं यानी दंपति को भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर ठहराया गया और पुलिस टीम द्वारा उन्हें सुरक्षित वापस लाया जा रहा है। रात के अंधेरे, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और घने जंगल के बीच शिमला पुलिस की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शिमला पुलिस के जवानों ने साहस, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से चूड़धार के जंगल में फंसे चार श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube