जिला लाइब्रेरी में ट्रायल सफल होने के बाद जिला प्रशासन ने तैयार की योजना, सब डिवीजन और ग्रामीण स्तर की लाइब्रेरियों में भी विकसित होंगे आधुनिक स्टडी स्पेस
हमीरपुर जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। जिला मुख्यालय स्थित जिला लाइब्रेरी में मॉडर्न किताबी कॉर्नर को मिले बेहतर रिस्पांस के बाद अब जिला प्रशासन ने इस सुविधा को सब डिवीजन और ग्रामीण स्तर की लाइब्रेरियों तक पहुंचाने की योजना तैयार की है।
इसके तहत जिले की अलग-अलग लाइब्रेरियों में आधुनिक किताबी कॉर्नर और बेहतर स्टडी स्पेस विकसित किए जाएंगे।
हाल ही में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने जिला लाइब्रेरी में मॉडर्न किताबी कॉर्नर का उद्घाटन किया था। यहां विद्यार्थियों के बैठने के लिए नया खुला स्पेस और मॉडर्न फर्नीचर लगाया गया है, ताकि छात्र-छात्राएं शांत और बेहतर माहौल में अपनी पढ़ाई कर सकें।
इस पहल को विद्यार्थियों से अच्छा रिस्पांस मिलने के बाद प्रशासन ने इसे अन्य लाइब्रेरियों में भी लागू करने का फैसला लिया है।
जिला मुख्यालय स्थित लाइब्रेरी में प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में ब्लॉक और ग्रामीण स्तर पर लाइब्रेरियों में आधुनिक स्टडी कॉर्नर विकसित होने से विद्यार्थियों को अपने घर के नजदीक ही पढ़ाई की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। इससे उन्हें जिला मुख्यालय तक आने-जाने में लगने वाले समय और पैसे की भी बचत होगी।
डीसी गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला लाइब्रेरी में मॉडर्न किताबी कॉर्नर को ट्रायल के तौर पर तैयार किया गया था। इसमें विद्यार्थियों के बैठने के लिए नया खुला स्पेस और आधुनिक फर्नीचर उपलब्ध करवाया गया, ताकि उन्हें पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।
ट्रायल की सफलता और विद्यार्थियों से मिले सकारात्मक रिस्पांस को देखते हुए अब इसी तरह के मॉडर्न किताबी कॉर्नर अन्य स्तर की लाइब्रेरियों में भी विकसित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को उनके नजदीकी क्षेत्र में ही बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, जिससे वे नए और सुविधाजनक माहौल में अपनी तैयारी को और बेहतर कर सकें।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube