मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चंबा पॉक्सो अदालत का बड़ा फैसला: नाबालिग बेटी से यौन अपराध के दोषी पिता को 20 साल की कठोर सजा

सार

चंबा की विशेष पॉक्सो अदालत ने नाबालिग बेटी से यौन अपराध के मामले में दोषी पिता को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। वहीं जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने बीमा दावा खारिज करने के मामले में कंपनी को 1.16 लाख रुपये ब्याज सहित भुगतान करने के आदेश दिए हैं।

3 मिनट
चंबा पॉक्सो अदालत का बड़ा फैसला: नाबालिग बेटी से यौन अपराध के दोषी पिता को 20 साल की कठोर सजा

19 गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने सुनाया फैसला, दोषी पर 10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया; बीमा मामले में कंपनी को 1.16 लाख चुकाने के आदेश

चंबा की विशेष पॉक्सो अदालत ने नाबालिग बेटी से यौन अपराध के मामले में दोषी पिता को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने दोषी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना जमा न करने की स्थिति में दोषी को दो माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।

विशेष न्यायाधीश चंबा अनुजा सूद की अदालत ने 19 गवाहों और अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी करार दिया।

2023 में दर्ज हुआ था मामला

संयुक्त निदेशक अभियोजन चंबा दिग्विजय सिंह राणा ने बताया कि यह मामला 31 मार्च 2023 को दर्ज किया गया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 27 मार्च 2023 की रात आरोपी ने नशे की हालत में अपने घर में नाबालिग पुत्री के साथ यौन अपराध किया।

पीड़िता ने अगले दिन घटना की जानकारी अपनी सौतेली मां को दी। इसके बाद घर जाते समय उसने एक महिला को भी पूरी घटना के बारे में बताया, जिसके बाद मामले की सूचना आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

19 गवाहों के आधार पर सुनाया फैसला

मुकदमे के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत में 19 गवाहों के बयान दर्ज करवाए और संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत किए। सभी तथ्यों और गवाहियों के आधार पर अदालत ने आरोपी नरिंदर को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) के तहत दोषी माना।

राज्य सरकार की ओर से मामले की पैरवी लोक अभियोजक सोहम कौशल ने की।


बीमा दावा खारिज करने पर कंपनी को 1.16 लाख रुपये भुगतान के आदेश

वहीं एक अन्य मामले में जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग चंबा, धर्मशाला ने वाहन बीमा दावा खारिज करने के मामले में शिकायतकर्ता के पक्ष में फैसला सुनाया है।

आयोग ने ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को शिकायतकर्ता को 1,16,418 रुपये की दावा राशि शिकायत दर्ज होने की तारीख से भुगतान तक 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित देने के आदेश दिए हैं।

इसके अलावा कंपनी को 10 हजार रुपये मानसिक प्रताड़ना और 7,500 रुपये मुकदमेबाजी खर्च के रूप में भी भुगतान करना होगा।

भरमौर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था वाहन

यह फैसला आयोग के अध्यक्ष हेमांशु मिश्रा, सदस्य आरती सूद और नारायण ठाकुर की पीठ ने गांव सातैन, डाकघर प्रीणा निवासी अनिल कुमार की शिकायत पर सुनाया।

शिकायत के अनुसार, अनिल कुमार की महिंद्रा बोलेरो कैंपर का बीमा 11 मार्च 2022 से 10 मार्च 2023 तक ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के पास था। 24 दिसंबर 2022 को भरमौर क्षेत्र में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

उन्होंने पुलिस और बीमा कंपनी को सूचना देकर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ दावा प्रस्तुत किया, लेकिन कंपनी ने लंबे समय तक दावा निपटाने के बाद उसे खारिज कर दिया।

आयोग ने माना सेवा में कमी

बीमा कंपनी ने दावा खारिज करने के लिए वाहन में अधिक सवारियां होने और चालक के पास वाणिज्यिक वाहन चलाने का वैध लाइसेंस न होने का तर्क दिया था।

सुनवाई के दौरान आयोग ने पाया कि बीमा कंपनी के सर्वेक्षक ने वाहन क्षति का आकलन 1,16,418 रुपये किया था और इसके विपरीत कोई ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया। आयोग ने दावा खारिज करने को सेवा में कमी मानते हुए कंपनी को भुगतान के आदेश दिए।

facebook

इस खबर के विषय

  • पॉक्सो
  • यौन अपराध
  • नाबालिग
  • सजा
  • दोषी
  • जुर्माना
  • अदालत

इस खबर को शेयर करें