रामपुर में 11 से 13 सितंबर तक होगी प्रतियोगिता, कबड्डी, बास्केटबॉल, हैंडबॉल और एथलेटिक्स समेत कई स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे खिलाड़ी
शिमला जिला के रामपुर में 11 सितंबर से शुरू होने जा रही राज्य स्तरीय वन विभाग खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बिलासपुर जिला वन विभाग की टीम वीरवार को रवाना हो गई।
रवाना होने से पहले वन अरण्यपाल बिलासपुर मृत्युंजय माधव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला बिलासपुर से 52 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेने के लिए रामपुर पहुंचेंगे। टीम के खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
वन विभाग की ओर से हर वर्ष राज्य स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसमें प्रदेशभर के वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।
इसी कड़ी में इस वर्ष राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन रामपुर में किया जा रहा है। बिलासपुर से रवाना हुई टीम में कबड्डी, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, एथलेटिक्स सहित अन्य खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए पहले से तैयारियां की हैं और विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई है।
तीन दिन तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से वन विभाग की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग खेलों में खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 11 सितंबर को होगा और 13 सितंबर को इसका समापन किया जाएगा। बिलासपुर की टीम भी विभिन्न खेलों में अपना दमखम दिखाने और जिले के लिए पदक हासिल करने के लक्ष्य के साथ रामपुर के लिए रवाना हुई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube