जिला कांगड़ा में पशुओं में लंपी वायरस के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पशुपालन विभाग के अनुसार जिले में अब तक करीब 350 पशु लंपी वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 211 पशु स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि करीब 70 एक्टिव मामलों का उपचार जारी है। विभाग के मुताबिक जिले में प्रतिदिन औसतन 15 से 20 नए मामले रिपोर्ट हो रहे हैं।
पशुपालन विभाग की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. सीमा गुलेरिया ने बताया कि इस बार प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ कांगड़ा में भी लंपी वायरस के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियमित वैक्सीनेशन के कारण संक्रमित पशुओं में बीमारी के लक्षण अपेक्षाकृत हल्के हैं और कई पशु एक-दो दिन में ही रिकवर हो रहे हैं।
डॉ. सीमा गुलेरिया ने बताया कि जिले में करीब 55 हजार पशुओं के वैक्सीनेशन का कार्य जारी है और इसे 30 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग ने पशुपालकों से पशुओं की अनावश्यक आवाजाही रोकने, उन्हें खुले में न छोड़ने और कुछ समय के लिए पशुओं की खरीद-फरोख्त से बचने की अपील की है। इसका उद्देश्य संक्रमण को दूसरे पशुओं तक फैलने से रोकना है।
उनके अनुसार जिले के ज्वाली और नूरपुर के बॉर्डर क्षेत्रों से अपेक्षाकृत अधिक मामले सामने आए हैं। हालांकि धर्मशाला और कांगड़ा सबडिवीजन समेत जिले के अन्य क्षेत्रों से भी संक्रमण के मामले रिपोर्ट हुए हैं। विभाग ने फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में बताया है और लंपी वायरस की रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन अभियान को तेज किया गया है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube