सात पंचायतों के प्रतिनिधि और संघर्ष समिति जुखाला की अगुवाई में उपायुक्त कार्यालय तक निकलेगी रैली, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
जुखाला क्षेत्र की ग्राम पंचायत भोली में लंबे समय से लंबित भोली-गसौड़ सड़क निर्माण और आली खड्ड पर पुल बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आंदोलन का ऐलान किया है। संघर्ष समिति दावीं घाटी जुखाला और क्षेत्र की सात ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों की अगुवाई में 3 अगस्त को उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर तक रैली निकालकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के 78 वर्ष बाद भी क्षेत्र सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। उनका आरोप है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के मौसम में आली खड्ड का जलस्तर बढ़ जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। इससे लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने, विद्यार्थियों के स्कूल-कॉलेज आने-जाने और दैनिक कार्यों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों की परेशानी बढ़ जाती है।
ग्राम पंचायत भोली की प्रधान तारा देवी संख्यान और संघर्ष समिति दावीं घाटी जुखाला के अध्यक्ष सीता राम ठाकुर ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रशासन को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल न होने के कारण ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को सुबह 11 बजे क्षेत्र के लोग और सात पंचायतों के प्रतिनिधि रैली के रूप में उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर पहुंचेंगे, जहां धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन को अपनी मांगों से अवगत कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि भोली-गसौड़ सड़क निर्माण और आली खड्ड पर पुल का कार्य जल्द शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को वर्षों से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube