मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

बंगाणा के रायपुर अपर वार्ड-5 में सड़क न होने से महिला को चारपाई पर ढोकर पहुंचाया अस्पताल, ग्रामीणों ने उठाई पक्की सड़क की मांग

सार

हिमाचल प्रदेश के बंगाणा उपमंडल की ग्राम पंचायत थड़ा के रायपुर अपर वार्ड-5 में सड़क सुविधा के अभाव के चलते एक बीमार महिला को ग्रामीणों ने चारपाई पर उठाकर डेढ़ किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द पक्की सड़क बनाने की मांग की है।

2 मिनट
बंगाणा के रायपुर अपर वार्ड-5 में सड़क न होने से महिला को चारपाई पर ढोकर पहुंचाया अस्पताल, ग्रामीणों ने उठाई पक्की सड�़क की मांग

उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत थड़ा के रायपुर अपर वार्ड-5 में सड़क सुविधा के अभाव ने फिर उजागर की ग्रामीणों की परेशानी, बरसात में डेढ़ किलोमीटर तक चारपाई पर ले जानी पड़ी बीमार महिला।

उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत थड़ा के रायपुर अपर वार्ड-5 में आज भी ग्रामीण पक्की सड़क सुविधा से वंचित हैं। सड़क न होने के कारण लोगों को रोजमर्रा के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में सामने आई एक घटना ने क्षेत्र में सड़क सुविधा के अभाव की गंभीर स्थिति को फिर उजागर कर दिया।

जानकारी के अनुसार रायपुर अपर निवासी निशा देवी अपने पशुओं की देखभाल कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पड़ीं। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत उनकी सहायता की, लेकिन गांव तक वाहन या एंबुलेंस पहुंचने का कोई रास्ता उपलब्ध नहीं था।

बरसात के कारण रायपुर से घरबासडा मुख्य सड़क तक जाने वाला लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा कच्चा मार्ग पूरी तरह कीचड़ और गड्ढों से भर चुका था। खराब सड़क की वजह से एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच सके।

ऐसी स्थिति में ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए निशा देवी को चारपाई पर लिटाकर कंधों के सहारे करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया। वहां से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया गया। यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी की गंभीर तस्वीर पेश करती है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीन आता है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं की गई है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी जोखिम भरा हो जाता है। ऐसे में यदि कोई मरीज, गर्भवती महिला या बुजुर्ग आपात स्थिति में हो, तो समय पर अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाता है।

वार्ड सदस्य राकेश कुमार, पंचायत प्रधान अनुपमा तथा अन्य ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि रायपुर अपर वार्ड-5 को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले इस मार्ग की शीघ्र मरम्मत कर इसे पक्की सड़क में बदला जाए।

उनका कहना है कि सड़क निर्माण होने से न केवल ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि भविष्य में किसी भी मरीज को चारपाई पर ढोकर अस्पताल पहुंचाने जैसी दर्दनाक परिस्थितियों से भी बचा जा सकेगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • सड़क सुविधा
  • ग्रामीण समस्या
  • आपातकालीन सेवा
  • बुनियादी सुविधाएं
  • बंगाणा
  • राज्य सरकार

इस खबर को शेयर करें