मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

फूड लाइसेंस की आड़ में नशीली दवाओं का काला खेल, दवा कंपनी का मालिक गिरफ्तार

सार

हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस ने नशीली दवाओं के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक दवा कंपनी के मालिक को गिरफ्तार किया है।

2 मिनट
फूड लाइसेंस की आड़ में नशीली दवाओं का काला खेल, दवा कंपनी का मालिक गिरफ्तार

सोलन

हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस ने नशीली दवाओं के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक दवा कंपनी के मालिक को गिरफ्तार किया है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी अंकित, जो कानपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है, अपनी कंपनी 'एश केमिकल' में चॉकलेट और अन्य खाद्य पदार्थ बनाने के फूड लाइसेंस की

आड़ में अवैध रूप से नशीली और अन्य दवाओं का निर्माण कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन की रिमांड पर लिया है, ताकि इस अवैध धंधे की जड़ों तक पहुँचा जा सके।

छापेमारी में 2.23 लाख से अधिक गोलियां बरामद

इस मामले की शुरुआत 8 मई को हुई थी, जब पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बद्दी के सालासर कॉम्प्लेक्स में बड़ी दबिश दी थी। इस छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 2,23,084 नशीली गोलियां बरामद की थीं।

मौके से पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रहने वाले शिव पूजन प्रजापति और कानपुर के अनुराग शुक्ला को गिरफ्तार किया था। इन दोनों आरोपियों से रिमांड के दौरान हुई कड़ी पूछताछ के बाद ही कंपनी मालिक अंकित का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने बुधवार देर शाम उसे धर दबोचा।

चॉकलेट के लाइसेंस पर बनाई जा रही थीं दवाएं

पुलिस जांच के अनुसार, कंपनी के पास केवल चॉकलेट और अन्य फूड आइटम बनाने का वैध लाइसेंस था। आरोपी इस लाइसेंस का इस्तेमाल एक सुरक्षा कवच के तौर पर कर रहे थे ताकि प्रशासन को उन पर संदेह न हो।

वास्तव में, कंपनी के भीतर नशीली दवाओं के साथ-साथ कई अन्य एलोपैथिक दवाओं का भी निर्माण किया जा रहा था, जिसके लिए ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कोई अनुमति नहीं ली गई थी। पकड़े गए पहले दो आरोपियों, शिव पूजन और अनुराग शुक्ला को कोर्ट ने अब 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

ड्रग विभाग की कड़ी कार्रवाई और आगामी जांच

इस मामले में ड्रग कंट्रोल विभाग भी सक्रिय हो गया है। प्रारंभिक जांच में बद्दी की दो ऐसी कंपनियों का पता चला है जहाँ बिना लाइसेंस के नशीली दवाएं बनाई जा रही थीं।

ड्रग विभाग अब इस मामले की रिपोर्ट फूड विभाग को सौंपने की तैयारी कर रहा है ताकि संबंधित कंपनियों के फूड लाइसेंस रद्द किए जा सकें। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि रिमांड के दौरान कंपनी मालिक से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन दवाओं की सप्लाई कहाँ-कहाँ की जा रही थी और इस रैकेट में अन्य कौन से बड़े नाम शामिल हैं।

इस खबर को शेयर करें