मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नीट पेपर लीक मामले पर भड़के राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा

सार

सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

2 मिनट
नीट पेपर लीक मामले पर भड़के राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा

धर्मशाला। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि परीक्षा में हुई अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में गठित विशेष समिति से करवाई जाए।

अनुराग शर्मा ने कहा कि देशभर में करीब 24 लाख विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा दी थी, जबकि हिमाचल प्रदेश में लगभग 32 हजार और जिला कांगड़ा में करीब 6 हजार छात्रों ने परीक्षा में हिस्सा लिया।

धर्मशाला क्षेत्र में भी 2 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। उन्होंने कहा कि छात्र घर से दूर रहकर, कर्ज लेकर और दिन-रात मेहनत कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश में एक संगठित पेपर लीक माफिया सक्रिय है, जिसकी वजह से लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल नीट ही नहीं, बल्कि कई अन्य बड़ी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र भी लीक हो चुके हैं। ऐसे मामलों से युवाओं का व्यवस्था और सरकार पर भरोसा कमजोर हो रहा है।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि विद्यार्थियों और अभिभावकों का विश्वास बहाल करने के लिए निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने मांग की कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि पेपर लीक के पीछे कौन लोग और कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हाल ही में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने नीट पेपर लीक मामले पर एक शब्द तक नहीं बोला। कांग्रेस इस मुद्दे को गंभीरता से उठा रही है और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और अभिभावकों के साथ मजबूती से खड़ी है।

नगर निगम चुनावों को लेकर भी अनुराग शर्मा ने भाजपा पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि धर्मशाला नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को जिताने के लिए लोगों को प्रलोभन दिए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि धर्मशाला और पालमपुर दोनों नगर निगमों में कांग्रेस की जीत होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रही है, जबकि धर्मशाला की मूलभूत सुविधाओं, पेयजल, ट्रैफिक, पार्किंग और शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कोई ठोस चर्चा नहीं की जा रही है।

इस खबर को शेयर करें