मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

15 साल बाद मिला हक: 90 वर्षीय वृद्धा के पक्ष में AFT का बड़ा फैसला, सेना को ब्याज सहित फैमिली पेंशन देने के आदेश

सार

'न्याय में देरी हो सकती है, लेकिन अंधेर नहीं'— इस कहावत को चरितार्थ करते हुए सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (AFT) चंडीगढ़ बेंच ने सरकाघाट की 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला चिन्ती देवी के पक्ष में एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है।

2 मिनट
15 साल बाद मिला हक: 90 वर्षीय वृद्धा के पक्ष में AFT का बड़ा फैसला, सेना को ब्याज सहित फैमिली पेंशन देने के आदेश

सरकाघाट (मंडी)

'न्याय में देरी हो सकती है, लेकिन अंधेर नहीं'— इस कहावत को चरितार्थ करते हुए सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (AFT) चंडीगढ़ बेंच ने सरकाघाट की 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला चिन्ती देवी के पक्ष में एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है।

ट्रिब्यूनल ने सेना मुख्यालय को सख्त आदेश जारी किए हैं कि वृद्धा को उनके दिवंगत पति की रोकी गई फैमिली पेंशन तीन महीने के भीतर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ जारी की जाए। इस फैसले के बाद पिछले 15 वर्षों से न्याय की आस में सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही बुजुर्ग महिला और उनके परिवार ने आखिरकार राहत की सांस ली है।

पूरा मामला सरकाघाट क्षेत्र के सैनिक परिवार से जुड़ा है। चिन्ती देवी के पति स्वर्गीय लाला राम वर्ष 1946 में भारतीय सेना में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे। सेना में लगभग 14 वर्ष की शानदार सेवा देने के बाद वे वर्ष 1960 में कार्यमुक्त हुए और इसके बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस में भर्ती हो गए।

वर्ष 2011 में लाला राम का निधन हो गया, जिसके बाद पुलिस विभाग की ओर से तो नियमानुसार परिवार को पेंशन मिलती रही, लेकिन सेना की ओर से दी जाने वाली फैमिली पेंशन को रोक दिया गया।

हक पाने के लिए परिवार के सदस्य करीब 15 वर्षों तक लगातार सेना मुख्यालय के साथ पत्राचार और मिन्नतें करते रहे, लेकिन जब रक्षा विभाग के दफ्तरों से कोई समाधान नहीं निकला, तो थक-हारकर चिन्ती देवी ने अधिवक्ता के.के. वर्मा के माध्यम से एएफटी (AFT) चंडीगढ़ में याचिका दायर की।

मामले की गहन सुनवाई के बाद ट्रिब्यूनल ने सैन्य अधिकारियों की दलीलों को दरकिनार करते हुए चिन्ती देवी के हक में फैसला सुनाया। कोर्ट ने आदेश दिया कि लाला राम की मृत्यु की तिथि (वर्ष 2011) से ही चिन्ती देवी को देय फैमिली पेंशन का पूरा एरियर जारी किया जाए।

इसके साथ ही न्यायाधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित तीन माह की अवधि के भीतर इस राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो सेना को बकाया राशि पर 6 प्रतिशत की जगह 8 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना होगा।

पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के अधिकारों के लिहाज से इस फैसले को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है और स्थानीय जनता व पूर्व सैनिक संगठनों ने इस मानवीय निर्णय का पुरजोर स्वागत किया है।

इस खबर को शेयर करें