अंडर-19 जिला स्तरीय माइनर गेम्स प्रतियोगिता का समापन, उप मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली में आयोजित अंडर-19 बॉयज जिला स्तरीय माइनर गेम्स प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता टीमों को पुरस्कृत किया और खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र को खेलों के हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने घर के नजदीक ही बेहतर खेल सुविधाएं मिलें, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
हरोली स्कूल को CBSE और डे-बोर्डिंग स्कूल के तौर पर किया गया चयन
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली का चयन सीबीएसई और डे-बोर्डिंग स्कूल के तौर पर किया गया है। आने वाले समय में यहां एक भव्य और आधुनिक स्कूल भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में राजकीय महाविद्यालय हरोली के दूसरे भवन का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन से महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा।
सिंथेटिक ट्रैक और इनडोर स्टेडियम का हो रहा निर्माण
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा इनडोर स्टेडियम भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को बेहतर तरीके से निखारने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को खेलों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध करवाना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
29 सितंबर को विद्यार्थियों से रूबरू होंगे गुरदास मान
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली महाविद्यालय में 29 सितंबर को प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान विद्यार्थियों के बीच पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों के उत्साह और ऊर्जा की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 31 हजार रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
इन स्कूलों ने विभिन्न खेलों में हासिल किए स्थान
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में डीडीएम गगरेट स्कूल विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाथू उप विजेता रहा। कबड्डी में एसडी संतोषगढ़ ने विजेता तथा एसएमवीपी जखेड़ा ने उप विजेता का स्थान हासिल किया।
खो-खो प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ललडी विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोड़ा उप विजेता रहा। चेस में वीपीएस बहडाला विजेता तथा जीएचएस तनोह उप विजेता रहा।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली विजेता और वीपीएस बहडाला उप विजेता रहा। टेबल टेनिस में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैंसरी विजेता तथा स्कॉलर यूनिफाइड ऊना उप विजेता रहा।
योगा प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाड़ला विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली उप विजेता रहा। रेसलिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुसाड़ा विजेता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहडाला उप विजेता रहा।
मार्च पास्ट प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली ने विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जखेड़ा ने उप विजेता का स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के सदस्य अशोक ठाकुर, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला और सुलिन्दर पाल कौर, हरोली की उपप्रधान सुरिंदर, पूर्व प्रधान रमन कुमारी, पूर्व उपप्रधान सतनाम, प्रधान भदौड़ी मुनीश, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा,
बीएमओ हरोली डॉ. शिंगारा, उप निदेशक उच्च एवं माध्यमिक शिक्षा अनिल तखी, सोमनाथ धीमान, प्रधानाचार्य रविन्द्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube