18 जोन के 640 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, पूर्व CM ने कहा- दुर्गम क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने की जरूरत
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को अपने गृह क्षेत्र बालीचौकी में आयोजित जिला स्तरीय राजकीय पाठशालाओं की अंडर-19 छात्र इंटर जोनल खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 18 जोन के 640 छात्र खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में कई ऐसी खेल और कला प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें उचित मंच और अवसर मिलने पर वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि इन छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए लगातार प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
जयराम ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दौर प्रतिस्पर्धा का है और केवल रूटीन तरीके से आगे बढ़ना पर्याप्त नहीं है। चुनौतियों का सामना करने के लिए विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन के साथ विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग हिस्सों से छिपी प्रतिभाओं को सामने लाकर उन्हें दुनिया के सामने पहचान दिलाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रयास समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने थाची क्षेत्र की बेटी परीष्ठी ठाकुर का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परीष्ठी ठाकुर रूस में आयोजित यूथ लीडरशिप कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जो पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने बालीचौकी स्कूल की प्रतिभावान छात्रा जीवना ठाकुर के मधुर गायन की भी सराहना की। इस दौरान जयराम ठाकुर ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का एक अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने पर उन्होंने केरल की बेटी वेदिका को प्रसिद्ध हिमाचली लोकगीत ‘माय नी मेरिये’ गाने पर बधाई दी थी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से हार और जीत को खेल भावना से स्वीकार करने और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए जयराम ठाकुर ने वर्तमान सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बालीचौकी में दिखाई देने वाले अधिकांश भवन उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान बनाए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बने-बनाए अस्पताल भवन में ताला लगाकर जनता को सुविधाओं से वंचित कर रही है।
उन्होंने कहा कि समय जल्द बदलेगा और क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्यों को दोबारा गति दी जाएगी। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने खेल आयोजन समिति को अपनी विधायक ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष बोदी देवी, प्रधानाचार्य रणवीर ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube