सिविल अस्पताल नूरपुर में स्वास्थ्य विभाग ने आयोजित किया विशेष कार्यक्रम, एसपी इल्मा अफरोज़ ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की
विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग जिला कांगड़ा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक करोल के निर्देशन में मंगलवार को सिविल अस्पताल नूरपुर में हेपेटाइटिस जागरूकता एवं नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच और उपचार के महत्व को समझाना तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज़ (आईपीएस) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में एएसपी धर्मचंद वर्मा (एचपीएस) शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अनुपमा शर्मा ने की।
हेपेटाइटिस से बचाव और समय पर जांच पर दिया गया जोर
मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अनुपमा शर्मा ने कहा कि विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाने का उद्देश्य आमजन को इस बीमारी के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने वर्ष 2026 की थीम "Hepatitis – Let's Break It Down" की जानकारी देते हुए हेपेटाइटिस की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में डॉ. आशीष कुमार ने हेपेटाइटिस बी एवं सी: बचाव, जांच और उपचार विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उचित इलाज से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।
ओएसटी थेरेपी से नशा मुक्ति की जानकारी
डॉ. दीपक डोगरा ने ओपिऑयड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी (OST) के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह उपचार पद्धति नशे की लत से जूझ रहे लोगों के पुनर्वास में प्रभावी भूमिका निभा रही है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के दौरान "नशे को कहें ना, अपने भविष्य को बचाएं" विषय पर भाषण प्रतियोगिता तथा नशा मुक्ति जागरूकता विषय पर पोस्टर एवं चार्ट प्रतियोगिता आयोजित की गई। कामाक्षी इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, ए.बी. कॉलेज ऑफ फार्मेसी पठानकोट और मिनर्वा कॉलेज ऑफ फार्मेसी इंदौरा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भाषण प्रतियोगिता में कसक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में निकिता ठाकुर विजेता रहीं। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
युवाओं से नशामुक्त समाज बनाने की अपील
विशिष्ट अतिथि एएसपी धर्मचंद वर्मा ने युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवा सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि एसपी इल्मा अफरोज़ ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीपीएस अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षण संस्थानों और आम जनता के सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने हेपेटाइटिस से बचाव, समय पर जांच और उपचार कराने के साथ-साथ स्वयं नशामुक्त रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube