एसपी सुशील कुमार शर्मा बोले- चिट्टा मुक्त समाज के लिए प्रशासन और समाज को मिलकर करना होगा प्रयास
रिकांगपिओ। केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय की ओर से सोमवार को बचत भवन, रिकांगपिओ में एक दिवसीय नशा मुक्त अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चिट्टा मुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयास कर रही है और पुलिस प्रशासन भी नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे और मादक पदार्थों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
एसपी सुशील कुमार शर्मा ने कहा कि नशे की लत से जूझ रहे युवाओं को सामाजिक कलंक की दृष्टि से नहीं देखना चाहिए, बल्कि उन्हें नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों तथा मनोचिकित्सकों की सहायता से समाज की मुख्यधारा में वापस लाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू युवाओं के लिए स्वास्थ्य संस्थानों में काउंसलिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही उन्होंने अभिभावकों और जागरूक नागरिकों से नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव और नशा मुक्त समाज का संदेश दिया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त विपिन कुमार, जिला युवा अधिकारी शुभम चंद्रन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube