ऊना में लता मंगेशकर कला केंद्र, समूरकलां में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जिले की 249 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर करीब 500 पंचायत प्रतिनिधि और उनके परिजन उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गांव विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन की सबसे मजबूत इकाई हैं। उन्होंने कहा कि यदि गांव मजबूत और समृद्ध होंगे तो हिमाचल प्रदेश भी समृद्ध होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनसेवा, गरीब कल्याण, नशा उन्मूलन और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों के भविष्य के निर्माता हैं और अगले पांच वर्षों में विकास की दिशा काफी हद तक उनकी कार्यशैली पर निर्भर करेगी। उन्होंने चुनावी मतभेदों को भुलाकर सहयोग और संवाद के साथ आगे बढ़ने की अपील की। साथ ही उन्होंने पंचायतों से नशा निवारण को जन आंदोलन बनाने और किसी भी प्रकार के नशा कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाने को कहा।
उन्होंने बताया कि ऊना जिले में 2,000 करोड़ रुपये की बल्क ड्रग पार्क परियोजना, मलाहत में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर और चिंतपूर्णी मंदिर के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये की योजनाएं चल रही हैं, जो क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी।
उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं और पारदर्शिता व ईमानदारी के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम में विधायक राकेश कालिया, सतपाल सत्ती, सुदर्शन बबलू और विवेक शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।