फतेहपुर (कांगड़ा) में पंचायत समिति (बीडीसी) अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य अनुबाला ने आरोप लगाया है कि उन पर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में किसी विशेष पक्ष के समर्थन में मतदान करने का दबाव बनाया गया और मना करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस थाना फतेहपुर में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत में आरोप है कि 12 जून की शाम नरनूह निवासी हरप्रीत संधू और रैहन निवासी नवजोत उनके घर पहुंचे और उनसे भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने का दबाव बनाया।
आरोप है कि जब अनुबाला ने अपने लोकतांत्रिक अधिकार के तहत अंतरात्मा के अनुसार मतदान करने की बात कही तो उन्हें कथित तौर पर धमकाया गया और दबाव बनाने की कोशिश की गई। इसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया और कथित रूप से गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार भी किया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मामले की जांच एएसआई हेमराज को सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और निर्वाचित प्रतिनिधि पर दबाव बनाने जैसे आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन 17 जून को होने वाले चुनाव से पहले यह मामला फतेहपुर की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गया है।