धर्मशाला।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर पंचायती राज चुनावों के रोस्टर में धांधली का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि "अंधेर नगरी चौपट राजा" की तर्ज पर चल रही सुक्खू सरकार जनप्रिय और कर्मठ उम्मीदवारों का हक छीनकर लोकतंत्र की हत्या कर रही है।
भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने धर्मशाला में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पंचायती राज चुनावों से इस कदर डरे हुए हैं कि वे संवैधानिक संस्थाओं का गला घोंटने पर उतारू हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिलाधीशों को रोस्टर में मात्र 5% फेरबदल का अधिकार देने की आड़ में 15% की अवैध धांधली की गई है। यह उन युवाओं और महिलाओं के साथ विश्वासघात है जो पिछले पांच वर्षों से जमीन पर जनता की सेवा कर रहे थे और चुनाव लड़ने का सपना देख रहे थे।
त्रिलोक कपूर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार को शिक्षित और ईमानदार जनसेवकों से भय लग रहा है। उन्होंने कहा कांग्रेस नहीं चाहती कि कोई योग्य व्यक्ति आगे आए। जानबूझकर उन पंचायतों के रोस्टर बदले गए जहाँ कांग्रेस की हार निश्चित थी। सरकार केवल अपने 'चाटुकारों' को मैदान में उतारने के लिए वास्तविक नायकों का रास्ता रोकने की कोशिश कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने माननीय उच्च न्यायालय द्वारा सरकार के इस निर्णय पर लगाई गई रोक का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कोर्ट के फैसले ने यह साबित कर दिया है कि सरकार की मंशा खोट से भरी थी। यह फैसला उन सभी योग्य उम्मीदवारों के लिए उम्मीद की किरण है जिनके साथ सुक्खू सरकार ने 'धक्का' (अन्याय) करने का प्रयास किया था।
त्रिलोक कपूर ने प्रदेश भर के चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से आह्वान किया कि वे इस दमनकारी नीति के खिलाफ एकजुट हों। उन्होंने चेतावनी दी कि लोकतंत्र में अंतिम शक्ति जनता के पास होती है और रोस्टर की धांधली से जनता के दिलों में बसने वाले नेताओं का रास्ता नहीं काटा जा सकता।
भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वह इस 'लोकतंत्र बचाओ' की लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाएगी और कांग्रेस के कुशासन का हिसाब जनता से दिलाएगी।