शिमला।
असम विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान से लौटने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पूरी तरह चुनावी और आक्रामक अंदाज में नजर आए। बुधवार को शिमला में 'साउथ एशियन टेबल टेनिस यूथ चैंपियनशिप-2026' के शुभारंभ के दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने भाजपा के 'बीज नाश' वाले बयान पर पलटवार किया और पूर्व सरकार के समय हुए 'हिमकेयर' घोटाले का सनसनीखेज खुलासा किया।
मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में हुई अनियमितताओं पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि जांच में सामने आया है कि 'हिमकेयर' योजना के तहत चार पुरुषों (मर्दों) के बच्चादानी के ऑपरेशन दिखाए गए।
अब तक की जांच में करीब 110 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी की बात सामने आई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार इस योजना को बंद नहीं करेगी, बल्कि इसमें सुधार कर इसे इंश्योरेंस मॉडल के साथ जोड़ने पर विचार कर रही है ताकि भ्रष्टाचार रुक सके।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा इस समय प्रदेश में अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। भाजपा कई गुटों में बंटी हुई है। उनके नेता आपस में ही वर्चस्व की जंग लड़ रहे हैं। कौन-सा गुट किसका 'बीज नाश' करेगा, यह तो भाजपा के नेता ही बेहतर जानते होंगे। — सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री
प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में कोई आर्थिक संकट नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी की सैलरी काटी नहीं गई है, बल्कि 'वित्तीय अनुशासन' बनाए रखने के लिए भुगतान की तारीखों में बदलाव (Defer) किया गया है।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा 'रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट' बंद करने की आलोचना करते हुए इसे हिमाचल की जनता के अधिकारों का हनन बताया।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए घोषणा की कि अब राज्य में पुनः रोजगार (Re-employment) पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। हालांकि, स्वास्थ्य क्षेत्र में अति-आवश्यक होने पर डॉक्टरों और असाधारण काम करने वाले कुछ अधिकारियों को ही सेवा विस्तार दिया जा सकेगा।
हिमाचल प्रदेश टेबल टेनिस आर्गेनाइजेशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी अदीश राणा ने बताया कि शिमला में आयोजित की जा रही साउथ एशियाई टेबल टेनिस यूथ चैंपियनशिप 2026 में कुल पांच देश भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में भारत के साथ बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल मालदीव के युवा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 8 से 11 अप्रैल तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में महिला, सिंगल और डबल श्रेणियों में 144 मेडल और 80 ट्रॉफी के लिए खिलाड़ी जोर आजमाइश करेंगे। अदीश राणा ने कहा कि टेबल टेनिस के क्षेत्र में प्रदेश में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है जिसके चलते खेल भी प्रभावित हो रहा है।