पीड़ित का दावा- दूसरी बार जानबूझकर तेज रफ्तार में मारी टक्कर, इलाज पर अब तक 1 लाख रुपये खर्च; पुलिस ने बाइक जब्त कर मामला दर्ज किया
सुजानपुर के वार्ड नंबर-8 निवासी रामेश्वर धीमान ने एक बाइक सवार पर दो बार टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की पत्नी सरला देवी ने इस संबंध में सुजानपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
'फोन पर बात कर रहा था, तभी पीछे से मारी टक्कर'
रामेश्वर धीमान ने बताया कि कुछ दिन पहले वह दिहाड़ी लगाने के लिए थाना सुजानपुर के अंतर्गत पंचायत बगेड़ा गया था। शाम को स्कूटी से घर लौटते समय घर से फोन आने पर उसने सड़क किनारे कच्चे स्थान पर स्कूटी खड़ी कर फोन पर बात शुरू की।
उनका आरोप है कि इसी दौरान पीछे से आए एक बुलेट सवार ने उनकी खड़ी स्कूटी को टक्कर मार दी। जब उन्होंने बाइक चालक से रॉन्ग साइड चलने और स्कूटी को नुकसान पहुंचाने की बात कही तो वह कुछ दूरी जाकर वापस लौटा और दूसरी बार तेज रफ्तार में स्कूटी को टक्कर मार दी।
'दूसरी टक्कर में टूट गई टांग और पैर'
पीड़ित का आरोप है कि दूसरी टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे उनकी टांग और पैर में फ्रैक्चर हो गया। स्थानीय लोगों ने उन्हें पहले एक निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां से उन्हें सिविल अस्पताल सुजानपुर, फिर मेडिकल कॉलेज हमीरपुर और बाद में चंडीगढ़ रेफर किया गया।
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल में करीब पांच घंटे तक ऑपरेशन चला, जिस पर अब तक लगभग एक लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।
रामेश्वर धीमान ने कहा कि वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं और हादसे के बाद बिस्तर पर हैं। उन्होंने आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और इलाज का खर्च दिलाने की मांग की है।
पत्नी ने भी की कार्रवाई की मांग
पीड़ित की पत्नी सरला देवी ने कहा कि उनके पति को जान से मारने की कोशिश की गई है। उन्होंने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और इलाज का पूरा खर्च उससे दिलाने की मांग की है।
सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जिस युवक पर टक्कर मारने का आरोप है, उसकी बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube