रविवार की छुट्टी और सावन महीने के चलते पंजाब, हिमाचल, हरियाणा समेत कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु; मंदिर न्यास ने किए सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम
विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में रविवार को आस्था का बड़ा जनसैलाब देखने को मिला। रविवार की छुट्टी और श्रावण महीने के चलते बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
सावन महीने के चलते पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।
दोपहर की आरती के समय बढ़ी भीड़
दोपहर की आरती के समय मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई। भीड़ इतनी अधिक हो गई कि श्रद्धालुओं की कतार फ्लाईओवर तक पहुंच गई। इसके बावजूद श्रद्धालुओं ने अनुशासन के साथ अपनी बारी का इंतजार करते हुए माता के दर्शन किए।
श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए माता रानी से प्रार्थना की।
मंदिर न्यास ने किए बेहतर इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर न्यास की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। मंदिर के बाहर होमगार्ड जवानों ने भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली, जबकि मंदिर परिसर के अंदर तैनात एक्स सर्विसमैन जवानों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से लाइनों में दर्शन करवाए।
इसके अलावा मंदिर के निकासी और मुख्य द्वार के पास पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं की ओर से पानी की छबीलें लगाई गईं, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिली।
मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं ने सुचारू रूप से माता के दर्शन किए।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube