मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र में 333.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित 26 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, सड़क, पुल, संपर्क मार्ग, पार्किंग और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
200 बेड के मेडिकल कॉलेज भवन का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, चंबा में 158 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 200 बिस्तरों वाले नए भवन का लोकार्पण किया। इससे चंबा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कई सड़क और पुल परियोजनाएं हुईं जनता को समर्पित
मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की लागत से तैयार विभिन्न सड़क एवं पुल परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया। इनमें प्रमुख रूप से शाहपुर-सिहुंता-चुवाड़ी-चंबा सड़क, परेल-कोहलड़ी सड़क, परेल मार्ग-चंबा-बनीखेत सड़क, लुड्डू-घरमाड़ी सड़क, सराहन-रान सड़क, भनेरा-देवीदेहरा-रठियार-मनकोट सड़क के उन्नयन तथा करियां-भरियां-कोठी सड़क पर रावी नदी पर निर्मित बॉक्स गर्डर पुल शामिल हैं।
वाहन पार्किंग सहित कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने चंबा के भगत क्षेत्र में 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली वाहन पार्किंग (प्रथम चरण) का शिलान्यास किया। इसके अलावा द्रबला, सनोथा, साच-फतेहपुर, नाणु, द्रडा सेरू, घरग्राम, घतरेड़, छांजून, रुंडेगा, बसोधन, मानकोट सहित कई गांवों के संपर्क मार्गों और विभिन्न सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा मजबूती
सरोल स्थित कुष्ठ अस्पताल परिसर में जिला औषधि भंडार एवं टीकाकरण भंडार के निर्माण का भी शिलान्यास किया गया। इस परियोजना से जिले में दवाओं के भंडारण और टीकाकरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube