सोलन।
हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों, विशेषकर चिट्टा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला सोलन पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने आदतन नशा तस्कर के खिलाफ PIT NDPS Act, 1988 के तहत सख्त कदम उठाते हुए उसे निवारक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, दाड़लाघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव थाच, डाकघर भराडीघाट, तहसील अर्की निवासी 27 वर्षीय हितेंदर ठाकुर को तीन माह की निवारक हिरासत में भेजा गया है। आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है और पुलिस की निगरानी में था।
पुलिस मुख्यालय के माध्यम से आरोपी के खिलाफ PIT NDPS Act के तहत प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा गया था, जिसे सक्षम प्राधिकारी द्वारा मंजूरी दे दी गई। आदेशों के अनुपालन में 5 मई 2026 को पुलिस थाना दाड़लाघाट की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर जिला कारागार सोलन भेज दिया।
जिला सोलन पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक कुल 13 आदतन नशा तस्करों के खिलाफ धारा 3(1), PIT NDPS Act, 1988 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें निवारक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि नशा तस्करी में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।